बिहारः जमुई में दलित नाबालिग लड़की का अपहरण कर जबरन किया निकाह फिर कराया धर्मपरिवर्तन
जमुई। बिहार के जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र में दलित लड़की को अगवा कर जबरन धर्मांतरण करवाकर निकाह करने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस को लिखित में शिकात दिया है। पीड़ित परिवार ने नाबालिग बेटी को अगवा कर निकाह करवाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें ये जानकारी मिली है कि मस्जिद में निकाह कर उसकी बेटी का धर्म परिवर्तन करा दिया गया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि बीते 23 मई को उनकी नाबालिग बेटी शौच के लिए गई थी तभी गांव के मोहम्मद मुकीम खान ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया था।

फिर 30 मई को उनको जानकारी मिली कि उनकी बेटी का निकाह मस्जिद में करवा धर्मांतरण किया गया है। बुधवार की शाम को चंद्रदीप थाना इलाके के दीननगर गांव के कुछ दलित समुदाय के लोग पीड़ित परिवार के साथ थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन दिया। आवेदन में नाबालिग लड़की के पिता ने गांव के युवक पर बेटी का अपहरण और उसके साथ जबरन निकाह कराने का आरोप लगाया है और न्याय की मांग की है।
पीड़ित पिता ने बताया कि जब वो लोग अपनी बेटी से मिलने पहुंचे तो आरोपित ने मिलने भी नहीं दिया और मारपीट कर भगा दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से यह भी मांग की है कि उन लोगों को सुरक्षा दी जाए क्योंकि उन लोगों की संख्या गांव में बहुत कम है। उनलोगों के साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है। आवेदन मिलने के बाद चंद्रदीप थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। एसपी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि मामला संज्ञान आने के बाद आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। अगवा हुई लड़की की बरामदगी के लिए छापामारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications