हाजीपुरः फूल तोड़ने गए प्रॉपर्टी डीलर को बदमाशों ने मारी 5 गोली, मौके पर मौत
हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के पास अपराधियों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुकेश राय के रूप में हुई है, जो दिघी खुर्द के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि मुकेश अपने घर से फूल तोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी, जिसके चलते उनकी मौके पर मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। लेकिन अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराधियों ने मुकेश को ताबड़तोड़ 5 गोलियां मारी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग अपने घर से निकलकर बाहर को आए और जब तक कोई कुछ समझता बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।

सदर एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके की नाकेबंदी की गई है। चूंकि मुकेश राय जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच पड़ताल करने में जुटी है।
वहीं बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के टीएन पथ इलाके में शव मिलने से हड़कंप मच गया। कचरे के ढेर में एक बंद बोरे से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। आसपास के लोग इस बात की आशंका जता रहे थे कि बोरे में कुत्ते की लाश को रखकर फेंक दिया गया होगा। लेकिन जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरे को खोला तो उसमें से युवकी की लाश मिली। लाश के हाथ-पैर बांधे हुए थे और उसे जलाने की भी कोशिश की गई थी।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। हालांकि मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने मृतक को पहचानने से इंकार कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के मकसद से पीएमसीएच भेज दिया है। इस बीच फोरेंसिक लैब की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई और फिर लाश को ठिकाने लगाने के मकसद से कंकड़बाग इलाके में लाकर फेंक दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications