गोपालगंज में कोरोना का कहर जारी, ऑक्सीजन लेवल कम होने से तीन की मौत
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में कोरोना का प्रकोप जारी है। बीते तीन दिनों में ऑक्सीजन लेवल कम होने से तीन मरीजों की मौत हो गई है। इससे जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। वहीं तीन अन्य लोगों में कोविड के लक्षण पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद तीनों मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। बता दें कि अक्टूबर में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई गई है। लेकिन इसके पहले ही गोपालगंज में तीन मरीजों की ऑक्सीजन लेवल कम होने से मौत ने संभावित कोरोना की तीसरी लहर के प्रति लोगों में डर पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो दिन पूर्व माझागढ़ और सदर प्रखंड के फतहा गांव में एक-एक मरीज की मौत हुई थी। वहीं मंगलवार को हथुआ के रेपुरा गांव के एक मरज को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका भी ऑक्सीजन लेवल काफी कम था, जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं बदलते मौसम की वजह से बिहार में बच्चों में लगातार वायरल फीवर का कहर देखने को मिल रहा है। यहां बच्चों में वायरल फीवर के अलावा सस्पेक्टेड एईएस और निमोनिया का भी असर दिख रहा है। वहीं गोपालगंज जिले की बात करें तो गोपालगंज के सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड का पूरा बेड फुल हो गया। एसएनसीयू के अलावा पीकू वार्ड भी बनाया गया है, जहां इमरजेंसी होने पर बच्चों को भर्ती कराया जाता है, जबकि निजी क्लीनिक में भी बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications