गोपालगंजः सुबह-सुबह गड्ढे में मिली दो बच्चों की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के धनौती इलाके में मंगलवार की सुबह एक साथ दो बच्चों का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों बच्चों की लाश गड्ढे से बरामद हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शवों को बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों बच्चों के शव चिमनी के पास मौजूद पानी के गड्ढे में मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोचिंग से लौट रहे छात्र की गोली मारकर हत्या
वहीं प्रदेश की राजधानी पटना से सटे बाढ़ प्रखंड के अचुआरा दाल मिल के पास बाइक सवार अपराधियों ने ऑटो में बैठे इंटर के छात्र को गोली मार दी। अपराधियों ने छात्र को चार गोली मारी, जिसके चलते उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान सुमित शर्मा के रूप में हुई है, जो अथमलगोला थाना क्षेत्र के हासन चक गांव का रहने वाला था। सुमित बाढ़ में स्थित कोचिंग से पढ़ाई करने के बाद ऑटो से घर लौट रहा था।
जब वह अचुआरा दाल मिल के पहुंचा, इसी दौरान पीछे से ओवरटेक कर दो बाइक पर सवार अपराधी अचानक पहुंचे। ऑटो को कवर करते हुए पिस्तौल लहरा कर ऑटो रुकवाया। सुमित शर्मा को निशाना साध कर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर बाढ़ थाने की पुलिस तुरंत पहुंची और जख्मी को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने सुमित शर्मा को मृत घोषित कर दिया।