बिहार में 'हिंदुओं को दबाने' के गिरिराज सिंह के बयान पर नीतीश कुमार का पलटवार- माहौल खराब मत करो
नई दिल्ली। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर पलटवार किया है। नीतीश कुमार ने कहा कि हम किसी कीमत पर सांप्रदायिक माहौल खराब नहीं होने देंगे। हम लोग पूरी मर्यादा के साथ काम करते हैं। नीतीश कुमार ने बिहार में हिंदुओं को दबाने की मानसिकता वाले गिरिराज के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह एक मीडिया स्टंट है। उन्होंने कहा कि अगर एक मंत्री ऐसे मामले पर राय दे रहा है, जिसकी पुलिस जांच हो रही है और मामला कोर्ट में है तो यह माहौल खराब करने की कोशिश है और कुछ नहीं। नीतीश कुमार ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया है, जिससे सांपद्रायिक सद्भाव में किसी प्रकार की कोई कमी आए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है, जो कानून के मुताबिक न हो।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नवादा जेल जाकर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की थी। इस मीटिंग के बाद उन्होंने कहा था कि शासन-प्रशासन को ऐसा लगता है कि हिंदुओं को दबाने से ही सांप्रदायिक माहौल ठीक रह सकता है।
गिरिराज सिंह बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नेताओं से मिलने के लिए शनिवार को नवादा जेल पहुंचे थे। उन्होंने बजरंग दल के संयोजक जितेंद्र प्रताप जीतू और विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष कैलाश विश्वकर्मा की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सीधे नीतीश कुमार पर निशाना साधा था। गिरिराज सिंह ने कहा कि शासन और प्रशासन हिंदुओं को दबा रहा है। जितेंद्र प्रताप जीतू और कैलाश विश्वकर्मा को बिहार के नवादा में सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार सरकार एडमिनिस्ट्रेशन के मन में एक बात बैठी हुई है कि सांप्रदायिक सद्भाव तभी कायम हो सकता है जब हिंदुओं को दबाया जाएगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, मैं अपील करता हूं कि इस नजरिए को बदलें। गिरिराज सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि बजरंग दल और वीएचपी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी केस लगाकर उन्हें जेल भेजा गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नवादा में रामनवमी के दौरान जो भी हिंसक घटनाएं हुईं, वे दुर्भाग्यपूर्ण थीं। उन्होंने कहा कि नवादा में जो हिंसा भड़की थी, वह दुर्गा और हनुमान की मूर्ति तोड़ने जाने के बाद भड़की।












Click it and Unblock the Notifications