गयाः पार्टी के दौरान लड़की से हुआ गैंगरेप तो लगा ली फांसी, परिजनों ने लगाया आरोप
गया। बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में नाबालिग से गैंगरेप का शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है। वहीं अपने साथ हुए गैंगरेप से आहत किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले को लेकर शुक्रवार को कोंच थाने नाबालिग के स्वजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने तीन को नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित स्वजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पार्टी में शामिल होने गई थी लड़की
प्राथमिकी में 376डी, पोस्को व एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज है। परिजनों के मुताबिक गैंगरेप की घटना 29 सितंबर की है। इस दिन पड़ोस में एक जन्मदिन की पार्टी थी। उस पार्टी में किशोरी गई थी। जहां से देर रात में घर लौटी थी। उसके बाद 30 सितंबर को किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर इलाज के लिए परिजन पटना लेकर गए थे।

गैंगरेप के बाद लगा ली फांसी
एक अक्टूबर को लड़की के परिजन उसे घर ले आए। जहां पीड़ित किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शव को लेकर स्वजन कोंच थाना पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेजा।

चार लड़कों को बनाया आरोपित
पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि पीड़िता के परिवार द्वारा संदेह के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें तीन को नामजद व एक अज्ञात को आरोपित किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद टिकारी डीएसपी व एससी-एसटी थानाध्यक्ष पीड़ित परिवार व घटनास्थल का निरीक्षण करने गए।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया की जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। परिवार द्वारा एक जन्मदिन पार्टी की बात बताई गई है। उन लोगों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन कोई प्रत्यक्षदर्शी व साक्ष्य नहीं मिला है। फिर भी पीड़ित परिवार द्वारा दिए गए आवेदन पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications