भर्ती फर्जीवाड़ा मामले में बोलीं पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी, महागठबंधन की सरकार ही फ़र्ज़ीवाड़ा है
Fraud in Teacher And Librarian Recruitment Bihar: बिहार में आगामी चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पक्ष विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। नीतीश सरकार प्रदेश में युवाओं को मिल रहे रोज़गार का सियासी माइलेज लेने में जुटी हुई है। वहीं विपक्ष महागठबंधन सरकार की नाकामियों को उजागर कर सीएम नीतीश कुमार पर हमलावर है।
वन इंडिया हिंदी के वरिष्ट संवाददाता इंज़माम वहिदी से बात करते हुए बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार युवाओं को रोज़गार देने का राग अलाप रही है। प्रदेश में नियोजित शिक्षक और लाइब्रेरियन बहाली फ़र्जीवाड़े सामने आ रहे हैं।

भर्ती मामले में हुई फ़र्ज़ीवाड़ों की कई सालों से जांच चल रही है। इसके बाद भी अभी तक 72 हज़ार 168 शिक्षकों के फोल्डर नहीं मिल पाए हैं। इस पूरे मामले में प्रदेश के विभिन्न ज़िलों में आरोपियों के खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए हैं।
प्रदेश में नियोजित शिक्षकों और लाइब्रेरियन भर्ती मामले की पिछले 9 सालों से जांच हो रही है। निगरानी ब्यूरो को यह जांच हाईकोर्ट के आदेश के बाद 2015 में सौंपी गई थी। काफी लंबे वक्त से जांच चल रही है। इसके बाद भी अभी तक निगरानी ब्यूरो को 72 हज़ार 168 शिक्षकों के फोल्डर नहीं मिल पाये हैं।
शिक्षकों के फोल्डर की तादाद इतनी ज्यादा मिसिंग होने की वजह से जांच अधिकारियों को परेशानी हो रही है। आंकड़ों की बात करें तो अभी तक फ़र्ज़ी दस्तावेज़ के आधार पर बहाल शिक्षकों के मामले में 1 हज़ार 380 प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें 2 हज़ार 585 को अभियुक्त बनाया गया है। जिनमें पदाधिकारी से लेकर कर्मचारी और मुखिया समेत विभिन्न जन प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में फ़र्ज़ीवाड़ा सामने आ रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह नीतीश सरकार ही है। महागठबंधन की सरकार ही फ़र्ज़ीवाड़ा है। आप (नीतीश सरकार) दिखाने के लिए कहते हैं कि मेरे नेता ने ही तो दो लाख नौकरी दे दी।
भर्ती प्रक्रिया में जो फ़र्ज़ीवाड़ा हो रहा है, यह किसके सरकार में हो रहा है। जो साथ में हैं उन्हीं के मिलीभगत से ही फ़र्ज़ीवाड़े हो रहे हैं। आगामी चुनाव में यह सारे मुद्दे जनता के सामने रखे जाएंगे कि किस तरह नौकरी के नाम पर नीतीश सरकार ने फ़र्ज़ीवाड़ा किया है।












Click it and Unblock the Notifications