Bihar News: कांग्रेस नेता के ‘गणेश जी’ वाले बयान पर भड़की पूर्व डिप्टी सीएम रेणू देवी, कह दी ये बड़ी बात
Bihar Former Deputy CM Renu Devi: बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाज़ी शुरू हो चुकी है। मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनेता सियासी वादों की झड़ी लगा रहे हैं। वहीं राजनीतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बिहार कांग्रेस इकाई की तरफ़ से आरा में परिवर्तन संकल्प रैली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बिहार कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला। उन्होंने भाजपा और NDA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि गणेश जी को दूध पिलाने वाले पाखंडियों हम लोगों की लड़ाई से है।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिन्होंने पूरे मुल्क के मंदिरों में दूध पिलवाने का काम कर, जनता को बांटने का काम किया है, हमारी लड़ाई उन लोगों से है। सत्ता में अगर नरेंद्र मोदी फिर से सत्ता में आ गए तो, देश में प्रजातंत्र नहीं बचेगा। इस देश को नरेंद्र मोदी पुतिन के रास्ते पर ले जाना चाहते हैं। कांग्रेस की गोलबंदी नहीं होने पर देश फिर से गुलाम हो जाएगा।
वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत में बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री, भाजपा नेत्री रेणु देवी ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इस तरह का बयान देकर हिंदुत्व को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग ना प्रचार करते हैं और ना ही प्रसार करते हैं।
कांग्रेस नेता हिंदुत्व को तोड़ने वाला बयान देकर चाहते हैं कि मुस्मिल मतदाता और अन्य समुदाय के वोटबैंक पर राज करेंगे तो यह मुमकिन नहीं है। सभी लोगों की अपनी-अपनी आस्था होती है, हर समाज हर धर्म की अपनी आस्था है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह हिंदूओं को इस तरह की बात बोलने वाले कौन होते हैं।
बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि अखिलेश प्रसाद के बयान से साफ ज़ाहिर है कि कांग्रेस को हिंदुत्व वोट और हिंदूओं की ज़रूरत नहीं है। जनता और हिंदू समुदाय भी यह समझ चुके हैं कि उन्हें कांग्रेस की ज़रूरत नहीं है। आगामी चुनाव में कांग्रेस नेताओं को इस तरह समुदाय को तोड़ने वाले बयान से ख़ामियाज़ा भुगतना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications