#fodderscam: सजा के ऐलान के बाद तेजस्वी बोले, बला टली नहीं, अब तो काल जन्मा है
तेजस्वी ने बताया कि लालू जी ने बिहारवासियों के लिए एक खत लिखा है।
नई दिल्ली। सीबीआई की विशेष अदालत ने चारा घोटाले के एक मामले में लालू यादव को साढ़े तीन साल सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने के पहले लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने कहा 'शेर का बेटा हूं, डरूंगा नहीं।' लालू यादव को सजा का ऐलान होने से चंद मिनट पहले उनके पुत्र तेजस्वी यादव ने पार्टी की एकजुटता दिखाते हुए मोदी सरकार और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। शनिवार दोपहर को लालू यादव के घर पर आरजेडी की बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए तेजस्वी ने कहा कि लालू जी ने जेल से एक चिट्ठी लिखी थी, जिसे आज की बैठक में पढ़ा गया। उनका ये संदेश पूरे बिहार में पहुंचाएंगे। वहीं लालू को सजा का ऐलान के बाद तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग ये सोच रहे हैं कि कुछ दिन के लिए लालूजी को जेल में बंद करवा दिए हैं तो बला टल गई है। वे गलत सोच रहे हैं। उन्हें नहीं मालूम कि बला टली नहीं, बल्कि अब तो काल जन्मा है।

'लालू जी ने बिहारवासियों के लिए एक खत लिखा है'
तेजस्वी ने बताया कि लालू जी ने बिहारवासियों के लिए एक खत लिखा है। उसे बिहार के जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आज की बैठक में चिट्ठी पढ़ी गई। उनके संदेश को गांवों तक पहुंचाना है। पार्टी में फूट के अंदेशे के बीच तेजस्वी ने कहा कि हमारी पार्टी एकजुट है। पार्टी और ताकतवर होगी। मकर संक्रांति तक हम अपने मालिक यानि जनता के बीच जाएंगे।

आरजेडी के भविष्य को लेकर सवाल उठता रहा है
दरअसल, लालू को दोषी ठहराए जाने के बाद से ही आरजेडी के भविष्य को लेकर सवाल उठता रहा है। राजनीतिक गलियारों में अब चर्चा और तेज हो गई है कि लालू के बाद पार्टी का भविष्य क्या होगा। वहीं लालू के बाद पार्टी में बड़े पैमाने पर फूट की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि तेजस्वी पहले भी इससे इनकार करते रहे हैं। शनिवार को लालू की सजा के ऐलान से ठीक पहले तेजस्वी ने एक बार फिर अप्रत्यक्ष रूप से विपक्ष को निशाने पर लिया है।

'शेर का बेटा हूं, डरूंगा नहीं'
तेजस्वी ने कहा, 'शेर का बेटा हूं, डरूंगा नहीं। मुझे किसी पद लालच नहीं है।' बता दें कि तेजस्वी यादव पहले भी आरोप लगा चुके हैं कि अगर उनके पिता (लालू यादव) बीजेपी के साथ होते तो आज वह उनके लिए हरिश्चंद्र होते। ऐसे में कहीं न कहीं तेजस्वी ने विपक्ष पर निशाना साधने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को यह बताने की कोशिश भी की है कि लालू के जेल जाने से कुछ भी खत्म नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications