बिहार: फिर सामने आया कपल से बदतमीजी का वीडियो, इस बार सारी हदें पार कीं
पूर्वी चंपारण। बिहार के जहानाबाद, गया, सासाराम और कैमूर के बाद अब मोतिहारी में प्रेमी युगल से छेड़खानी व मारपीट का वीडियो सामने आया है। प्रेमी युगल से छेड़खानी कर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने की वारदात के बाद से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामला मोतिहारी का है जहां प्रेमी युगल से अभद्रता की सारी हदें पार कर दी गईं। मारपीट और छेड़खानी का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया गया। वीडियो की एवज में पैसा ना देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मामला बिहार के मोतिहारी जिले का है जहां घूमने आए प्रेमी युगल को पकड़ कर कुछ मनचलों ने पहले युवक के साथ पिटाई की फिर उसी के सामने उसकी प्रेमिका के साथ अभद्रता की सारी हदें पार की गईं। युवती के शरीर के साथ भी काफी छेड़खानी की गई और बेहद लज्जित भी किया गया। इस दौरान कुछ युवकों ने इसका वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। वीडियो वायरल करने से पहले मनचलों ने लड़की के पिता से भी संपर्क किया और उससे 50 हजार रुपये की मांग की। पैसे ना देने पर वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी। जब लड़की के पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो बदमाशों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले को लेकर लड़की के पिता ने बदमाशो के डर से थाने में मामला दर्ज न कराकर कोर्ट के माध्यम से मामला दर्ज कराया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है उसमे गांव के कुछ युवक दोनों को पकड़कर मारपीट करते दिख रहे हैं। वीडियो में कुछ लड़के एक लड़की और एक लड़के को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार मारपीट और गाली-गलौज कर रहे हैं। वहीं कुछ लड़के इस घटना का वीडियो बना रहे है। वीडियो में जो आवाज आ रही है उसके अनुसार ये असामाजिक तत्व अपने को समाज सुधारक बता रहे हैं। इस पूरे प्रकरण में लड़की के पिता को ब्लैकमेल किये जाने की बात भी सामने आई है।












Click it and Unblock the Notifications