बैंक पीओ बीवी और दो बच्चों का मर्डर कर उसी कमरे में फंदे से झूला डॉक्टर
समस्तीपुर। बिहार में समस्तीपुर के मुफसिल थानाक्षेत्र में डॉक्टर पति ने अपने दो बच्चों की गला घोटकर हत्या करने के बाद पत्नी की हत्या कर दी और फिर फंदे से झूल गया। चारों का शव एक ही कमरे में मिला है। पत्नी बैंक में पीओ थी और खुद होम्योपैथ का चिकित्सक था। घटना में कुल चार लोगों की मौत हुई है। बच्चे और बैंक पीओ पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी करनेवाले होम्योपैथिक चिकित्सक का नाम डॉक्टर रितेश कुमार था जबकि उसकी पत्नी का नाम पूजा था।

दोनों बेटियों का गला घोटा
डॉक्टर द्वारा दो बेटी सृष्टि और श्रेया के गले में गमछा बंधा हुआ था जिससे लगता है कि डॉक्टर ने खुदकुशी से पहले दोनों बच्चों की हत्या गला दबाकर की होगी। फिलहाल जानकारी के बाद जिले के एसपी दीपक रंजन मौके पर पहुंचे हैं और मामले की तहकीकात कर रहे हैं। मुफस्सिल के आदर्श नगर इलाके की यह घटना है जहां अपने मकान में ही डॉक्टर दंपति और बच्चों के शव पड़े थे।

डॉक्टर का शव फंदे से लटका था
पहले बच्चे और फिर पत्नी की हत्या के बाद खुद पंखे से लटक गया। बेड पर ही पत्नी पूजा और बेटियों के शव पड़े थे। उसी के पास एक कुर्सी के सहारे पंखे पर झूलता डॉक्टर का शव था। डॉक्टर के पिता ने बताया कि हम अपनी पत्नी के साथ ऊपर थे नीचे आए तो अंदर से दरवाजा बंद था। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुला और जब कमरे में देखा तो दंग रह गया।

कमरे में मिले चारों के शव
कमरे में बेटे-बहू के साथ बच्चियों के शव पड़े थे। बेटा का सरकारी नौकरी नहीं था इसी वजह से हमेशा तू-तू मैं-मैं होती थी। फिलहाल पुलिस ने एफएसएल की टीम बुलाई है और गहनता से जांच के बाद मामला साफ होगा कि पूरी घटना क्या थी? पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर पति द्वारा पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या का मामला है, फिलहाल जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications