बिहार: जिला कल्याण पदाधिकारी को बदमाशों ने मारी गोली, मौत
सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी में बदमाशों ने जिला कल्याण पदाधिकारी पर ताबड़तोड़ गोलिया बरसाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल जिला कल्याण पदाधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना सीतामढ़ी के डुमार थाना क्षेत्र के भौप्रसाद इलाके की है। यहां गुरुवार की देर शाम को सीतामढ़ी के जिला कल्याण पदाधिकारी शुभनारायण दत्त घुमने के लिए निकले थे। तभी कैलाशपुरी की ओर से एक पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में जिला कल्याण पदाधिकारी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की मानें को बदमाशों ने उन्हें 6 गोलियां मारी है।
घटना की सूचना जिले के डीएम और एसपी को दी गई, जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। मृतक अधिकारी के परिवार वालों को इसकी सूचना दे दी गई है। बताया जाता है कि जिला कल्याण पदाधिकारी शुभनारायण दत्त मधुबनी जिले के मूल निवासी थे जो फिलहाल पटना में किराए के मकान में रह रहे थे। इधर पुलिस प्रशासन हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।