Bihar News: शादी समारोह में हथियारों की नुमाइश, कट्टे से डांसर को नोट थमाते तस्वीर वायरल
Bihar News: बिहार में सरकार बदल जाती है, लेकिन हालात नहीं बदल पा रहे हैं। जो पार्टी सत्ता में है कभी विपक्ष में होती थी। दावे किये जाते थे कि सरकार में आने पर हर्ष फ़ायरिंग, अवैध हथियारों के प्रदर्शन पर लगाम लगाएंगे। क्योंकि मौजूदा सरकार इन मामलों में नाकाम साबित हो रही है।
अब बिहार में सत्ता परिवर्तन होने के बाद जो विपक्ष में थे, वह पक्ष में हैं। इसके बावजूद हर्ष फ़ायरिंग और अवैध हथियारों के प्रदर्शन पर लगाम नहीं लग पा रहा है। ताज़ा मामला बिहार के मोतिहारी का है, जहां सुगौली थाना क्षेत्र से एक युवक की अवैध हथियार लहराते हुए तस्वीर वायरल हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि बारातियों के मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। जहां स्टेज पर डांसर नाच रही थी, तभी एक युवक कट्टे में सौ रुपये का नोट फंसाकर डांसर को देते हुए नाचने लगा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
ऑर्केस्ट्रा में हथियार के प्रदर्शन का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है। वहीं तस्वीर में दिख रहे युवक की पहचान मधुमलती गांव (सुगौली थाना क्षेत्र) के रहने वाले असेसर शर्मा के पुत्र दिलीप शर्मा के रूप में हुई है। गांव में बीती रात बारात आई थी, इसी दौरान यह मामला पेश आया है।
कट्टे के साथ डांस वाले वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। सुगौली थाना अध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आया है। वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसके खिलाफ़ मामला दर्ज किया जाएगा। उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में आम लोगों का कहना है कि इस तरह हथियारों के प्रदर्शन से बदमाशों के हौसले बुलंद होते हैं। इसके साथ ही हर्ष फायरिंग से भी परहेज़ नहीं करते हैं, यही वजह है कि अक्सर कुछ न कुछ अप्रिय घटना के मामले सामने आ ही जाते हैं। सरकार को इस बाबत कठोर नियम बनाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications