उपचुनाव की जीत के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, कहा- अब कहां मैजिक चलता है
पटना। बिहार के तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जदयू की जीत के बाद बुधवार को सीएम नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचे। दिवाली से पूर्व छोटी दीपावली के दिन पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया। जदयू कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां भी बांटी। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जनता ही मालिक है और यह उनका फैसला है। हमलोगों ने पहले भी कहा है कि हमारा काम सिर्फ सेवा करना है, जो कर रहे हैं और जब तक जनता चाहेगी करते रहेंगे।

इसके अलावा जब मीडियाकर्मियों ने सवाल पूछा कि लालू यादव का मैजिक नहीं चला? तो सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अब कहां मैजिक चलता है? जनता ने सब बता दिया है। हमारे लिए तो जनता ही सबकुछ है। लेकिन कुछ लोगों के लिए खुद का परिवार ही सबकुछ है। लेकिन कुछ लोगों के लिए खुद का परिवार ही सबकुछ है। मेरे लिए पूरा बिहार परिवार है और जनता मालिक है।
सीएम नीतीश कुमार ने पत्रकारों से कहा कि आप सब लोग हमसे पूछते रहते थे तो हम हमेशा यही कहते रहे हैं कि जनता मालिक है। जो भी फैसला देगी वह स्वीकार्य होगा। हम लोगों का कर्तव्य है बस सेवा करना और हम हमेशा करते हैं। लोगों का सेवा करना ही हमारा धर्म है। जब भी काम करने का मौका बिहार के लोगों ने दिया है हम सब लोगों ने सेवा की है।
इसके अलावा उपचुनाव में एनडीए की जीत पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जदयू और एनडीए के सभी दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने दोनों जगहों पर उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे तौर पर समर्थन दिया। लोगों के बीच में सब लोग जाते रहे। विरोघ में लोगों को भी करना था वह भी करते रहे। लेकिन हम लोगों की दिलचस्पी नहीं थी कि कौन क्या कर रहा है। हम लोग हमेशा से यही कहते रहे हैं कि जनता मालिक है वह फैसला लेगी वह मंजूर होगा।
नीतीश ने आगे कहा कि बिहार की दोनों सीटों के लिए फिर से जनता ने जो फैसला लिया है यह सबके सामने है। यह हम लोगों के काम के प्रति लोगों को संतोष और भरोसा है। इस कारण लोगों ने फिर अपना मत दिया है। इसके लिए हम लोगों को बधाई देते हैं। जो भी हमारे उम्मीदवार जीते हैं उन सब लोगों को विशेषकर बधाई देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications