Night Curfew को लेकर नीतीश कुमार ने कहा- इसकी अभी कोई जरूरत नहीं, अन्य राज्यों से बिहार में बेहतर स्थिति है
पटना। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए केंद्र ने देश के सभी राज्यों को अलर्ट कर दिया है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा और यूपी की राज्य सरकारों ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है। वहीं बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने नाइट कर्फ्यू पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि बिहार में फिलहाल नाइट कर्फ्यू की कोई जरूरत नहीं है। बिहार की स्थिति सभी राज्यों से बेहतर है। यहां नाइट कर्फ्यू लगाने की जरूरत नहीं है।

शनिवार को नीतीश कुमार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी की जयंती पर उनकी प्रतिमा को माल्यार्पण करने पहुंचे थे इस दौरान उन्होंने ये बात कही। कोरोना को लेकर पिछले दिनों सीएम नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के मंत्री और तमाम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में चर्चा की गई थी कि किस तरह से लोगों को कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से बचाया जा सके।
बताया जा रहा है कि सरकार की तरफ से फिलहाल लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा और न ही कोई कर्फ्यू लगाई जाएगी। हालांकि कोरोना गाइडलाइन को और सख्त किया जाएगा। बिहार सरकार नए वैरिएंट को देखते हुए आम लोगों के लिए और खास लोगों के लिए गाइडलाइन तैयार करने वाली है। फिलहाल ओमिक्रॉन की समीक्षा की जा रही है। इसके बाद ही गाइडलाइन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बता दें कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर 6 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इस 6 सदस्यीय टीम में कुल 95 अधिकारी शामिल हैं। जिन्हें टेस्टिंग, कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग, आइसोलेशन से लेकर ट्रीटमेंट तक की निगरानी का जिम्मा दिया गया है।
गुरुवार से शुक्रवार शाम के बीच फिर से 13 मरीजों में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। सबसे ज्यादा खतरा पटना में बढ़ता जा रहा है। राजधानी पटना में नए 7 मरीज मिले हैं और यहां एक्टिव केसेज की संख्या बढ़कर 55 तक पहुंच गई है। वहीं नए जिले भी अब कोरोना की चपेट में आने लगे हैं और मुंगेर में 2, बेगूसराय में 1, पूर्णिया में 2 और नालंदा में भी 1 मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है।












Click it and Unblock the Notifications