सीएम नीतीश ने किया देश के पहले इथेनॉल प्लांट का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा फायदा
पूर्णिया, 30 मई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पूर्णिया के परोरा में देश के पहले इथेनॉल प्लांट का उद्घाटन किया। इथेनॉल के प्रोडक्शन में चावल और मक्के जैसे अनाज की जरूरत होगी। इस प्लांट के उद्घाटन से बिहार के किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। पूर्णिया के परोरा में इस प्लांट के उद्घाटन के दौरान बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, खाद्य व उपभोक्ता मंत्री लेसी सिंह, पूर्णिया सांसद संतोष कुशवाहा, स्थानीय विधायक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

ईस्टर्न इंडिया बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड ने इस इथेनॉल प्लांट की स्थापना की है। इस प्लांट में 65 हजार लीटर इथेनॉल का उत्पादन हर रोज होगा। इस प्लांट का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि 2007 से ही इथेनॉल प्लांट लगाने का प्रस्ताव बिहार सरकार के पास था लेकिन उस समय की केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से यह संभव नहीं हो पाया। इसके बाद 2019 में केंद्र सरकार के साथ मिलकर इथेनॉल प्लांट बनाने का काम आगे बढ़ा।

केंद्र और राज्य की 2021 में बनी इथेनॉल पॉलिसी के तहत यह प्लांट बना है। इसे बनाने में 105 करोड़ की लागत आई है। सीएम नीतीश ने कहा कि इथेनॉल कैसे बनता है यह उन्होंने प्लांट में जाकर देखा। इसमें चावल और मक्का जैसे अनाजों का इस्तेमाल होगा। पेट्रोल डीजल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाने की अनुमति है तो बिहार में इथेनॉल उत्पादन से देश को बहुत लाभ होगा। कहा कि अन्य जगहों पर भी इथनॉल प्लांट लगेंगे।
इथेनॉल प्लांट को किसानों के लिए भी फायदेमंद बताया जा रहा है। इस प्लांट में 150 टन मक्का और चावल की रोज जरूरत होगी। किसान अपना मक्का और चावल इथेनॉल उत्पादन के लिए बेच सकेंगे। पूर्णिया समेत अन्य जगहों पर इथेनॉल प्लांट के निर्माण से बिहार में रोजगार के अवसर पैदा होने का दावा भी बिहार सरकार के मंत्री कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications