झारखंडः चतरा में छठ घाट पर भाकपा माओवादियों ने कोल कारोबारी को गोलियों से भून डाला
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के तपसा गांव में छठ घाट पर भाकपा माओवादियों ने कोयला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक कारोबारी की पहचान मुकेश गिरि के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार सुबह सात बजे की है। माओवादियों ने मुकेश को दो गोली मारी थी, जिसके बाद उसे सिमरिया रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया, जहां उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर माओवादियों ने दो पर्चा छोड़ा है।

माओवादियों ने गिरी पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है। वहीं वारदात की जानकारी मिलने के बाद सिमरिया सीडीपीओ बचनदेव कुजूर और पत्थलगडा थाना प्रभारी निरंजन कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ तपसा छठ घाट पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर से तीन खोखा और दो पर्चा बरामद हुआ है.। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूर्य भगवान के उदय के दौरान अर्घ्य देने के वक्त सुबह घाट पर ज्यादा लोग मौजूद थे।
इसी दौरान एक के बाद एक तीन गोली की आवाज सुनाई दी। जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक तीन-चार बाइक पर सवार अपराधी भाकपा माओवादी जिंदाबाद का नारा लगाते हुए फरार हो गए। एसडीपीओ कुजूर ने बताया कि घटना की विस्तृत जानकारी ली जा रही है। घटना के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। वैसे यह स्पष्ट है कि भाकपा माओवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।












Click it and Unblock the Notifications