छपराः संदिग्ध मौतों की संख्या हुई 13, प्रशासन ने कहा- ठंड के चलते हुई मौत
छपरा। बिहार के छपरा जिले के अमनौर और मकेर थाना क्षेत्र में बुधवार को 7 लोगों की संदेहास्पद मौत के बाद अब 6 और मौत की खबर सामने आई है। इसके चलते अब मृतकों की संख्या 13 हो गई है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुतैाबिक मृतकों में मढ़ौरा के कर्णपुरा गांव के दो, कोल्हुआ के एक और जमालपुर के एक व्यक्ति शामिल है। वहीं इस घटना के बाद अनुमंडल प्रशासन के अधिकारियों ने मृतकों के घर जाकर मामले की जानकारी प्राप्त की। इन 6 मौतों को भी मृतक के परिजन जहरीली शराब की वजह बता रहे हैं।

जबकि प्रशासन का कहना है कि ठंड के चलते मौतें हुई हैं। मृतकों की पहचान कृष्णा महतो, अनिल मिस्त्री, मो.ईसा, बिहारी राय, रामनाथ राय, भरत राय, बरई सिंह, भूलन मांझी, जवाहिर महतो, राजेश शर्मा, मुन्ना सिंह, संभत महतो, बीरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं कर्णपुरा गांव के रविन्द्र गिरी की आंख की रोशनी गायब होने की शिकायत पर इलाजरत बताये जा रहे हैं।
प्रशासन ने मृतक के घरवालों से बातचीत की। इस टीम ने मीडियाकर्मियों के समक्ष जांच पड़ताल की। साथ ही स्थानीय मुखिया और मुखिया संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में भी स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मौके का मुआयना किया और ग्रामीणों से बातचीत की।












Click it and Unblock the Notifications