Manish kashyap: मनीष कश्यप जन सुराज में हुए शामिल, चनपटिया सीट से चुनाव लड़ना तय! क्या होंगे समीकरण?
Manish kashyap (Chanpatia Assembly Election 2025): बिहार के चर्चित यूट्यूबर और युवा चेहरों में गिने जाने वाले मनीष कश्यप ने आखिरकार अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है। लंबे समय से चल रही अटकलों को विराम देते हुए उन्होंने पटना के बापू भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज की औपचारिक सदस्यता ले ली है।
यूट्यूबर और पत्रकार से नेता बने मनीष कश्यप ने 2025 के विधानसभा चुनाव के लिए जन जन तक बदलाव का संदेश देने का संकल्प लिया। मनीष कश्यप की यह पारी केवल पार्टी जॉइनिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि वे 2025 के विधानसभा चुनाव में चनपटिया सीट से जन सुराज के टिकट पर मैदान में उतर सकते हैं।

PK के साथ नई पारी की शुरुआत
चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर (PK) की मौजूदगी में मनीष कश्यप ने पार्टी की सदस्यता ली। PK ने उन्हें जन सुराज के डिजिटल योद्धा समागम में मंच पर बुलाकर स्वागत किया। पीके ने कहा, "मनीष बिहार का वह लड़का है, जो इस राज्य को सुधारना चाहता है। इनके पास कोई बड़ा राजनीतिक या कारोबारी परिवार नहीं है, लेकिन मेहनत और जनता के जुड़ाव के दम पर उसने पहचान बनाई है।"
मनीष ने भी भावुक होकर कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं। बिहार में पत्रकार, नेता और कार्यकर्ता कोई भी सुरक्षित नहीं है। 2025 का विधानसभा चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है। इस बार बदलाव तय है।''
मनीष कश्यप ने 8 जून को फेसबुक लाइव के जरिए भाजपा छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि वे बीजेपी में 13 महीने तक रहे, लेकिन वहां रहकर जनता की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठा पाए।
मनीष कश्यप चनपटिया से लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव
मनीष कश्यप के चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा अब लगभग तय मानी जा रही है। मनीष कश्यप का पैतृक गांव चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में है। खुद उन्होंने हाल ही में यह संकेत दिया था कि उन्होंने अपने गांव जाकर स्थानीय लोगों से बात करने के बाद यह फैसला लिया है। बिहार तक से बातचीत में मनीष कश्यप ने खुद स्वीकार किया कि वे यहीं से चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं।
मनीष कश्यप पहले भी 2020 के चुनाव में चनपटिया सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे और 9,000 से ज्यादा वोट हासिल किए थे, जो बिना किसी संगठन के एक मजबूत जनाधार का संकेत था।
Chanpatia Assembly Seat: चनपटिया सीट बीजेपी का है गढ़
चनपटिया सीट को अब तक एनडीए और विशेषकर भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां पार्टी की पकड़ जातीय समीकरणों और विकास के मुद्दों के आधार पर मजबूत रही है। लेकिन मनीष कश्यप के जन समर्थन और जन सुराज की मौजूदा जमीनी रणनीति ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।
चनपटिया सीट पर पिछले 25 सालों से भाजपा का कब्जा रहा है। चनपटिया सीट पर 2020 भाजपा के उम्मीदवार उमाकांत सिंह भारी मतों से जीते थे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक रंजन को हराया था।
जातीय समीकरण की बात करे तो भूमिहार- ब्राह्मण, राजपूत समुदाय पर भाजपा की परंपरागत पकड़ है। यादव, दलित और मुस्लिम वोटर्स पर RJD और कांग्रेस की पकड़ है। अगर जन सुराज इन वर्गों को एक साझा मंच पर लाने में सफल रही, तो चनपटिया में मुकाबला बहुकोणीय और कड़ा हो सकता है।
चनपटिया विधानसभा सीट का इतिहास?
बिहार की चनपटिया विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास काफी दिलचस्प और बदलावों से भरा रहा है। यह सीट पहले बेतिया लोकसभा क्षेत्र के तहत आती थी, लेकिन 2008 में परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद इसे पश्चिमी चंपारण संसदीय क्षेत्र में शामिल कर लिया गया।
चनपटिया में विधानसभा चुनावों की शुरुआत 1957 से हुई थी। पहले चुनाव में कांग्रेस की केतकी देवी ने जीत दर्ज की। इसके बाद कांग्रेस के प्रमोद मिश्रा ने 1962 और 1967 में लगातार दो बार इस सीट पर जीत हासिल की, जिससे यह सीट कांग्रेस का मजबूत गढ़ बन गई थी।
1980, 1985 और 1995 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने इस सीट पर कब्जा जमाया। 2000 से भाजपा ने इस सीट पर कब्जा किया, जो अब तक थमा नहीं है। भाजपा ने यहां से लगातार 5 बार जीत दर्ज की है।
चनपटिया सीट पर संभावित समीकरण
- जन सुराज + मनीष कश्यप की छवि: युवा मतदाता, यूट्यूब दर्शक वर्ग और स्थानीय जनता में मनीष कश्यप की पकड़। मनीष की सक्रियता, जैसे-नेशनल हाईवे की खामियों पर कार्रवाई की मांग-जनता में 'स्थानीय चेहरा' वाली छवि को मजबूत कर रही है।
- बीजेपी का पारंपरिक वोटबैंक: सवर्ण, व्यापारी वर्ग और केंद्र/राज्य सरकार के समर्थन से जुड़े मतदाता। चनपटिया के मौजूदा विधायक के परफॉर्मेंस का प्रभाव भी अहम रहेगा।
- RJD व महागठबंधन का प्रभाव: मुस्लिम और यादव वोट बैंक, जो परंपरागत रूप से RJD की ओर झुका रहता है। अगर जन सुराज ने इन तबकों में पैठ बना ली, तो त्रिकोणीय मुकाबला पक्का है।
- फर्स्ट टाइम वोटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंस: मनीष की यूट्यूब और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भारी फैन फॉलोइंग 18-30 आयु वर्ग को प्रभावित कर सकती है। ये वोटर पारंपरिक पार्टियों से अलग सोच रखते हैं।
क्या चनपटिया बनेगा बदलाव का केंद्र?
2025 के विधानसभा चुनाव में चनपटिया सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। जहां भाजपा को अपनी पारंपरिक पकड़ को बनाए रखने की चुनौती होगी, वहीं जन सुराज मनीष कश्यप जैसे चेहरे के सहारे एक नई लहर बनाने की कोशिश करेगी।












Click it and Unblock the Notifications