Bihar News: शिक्षिका की किडनैपिंग का दर्ज हुआ मामला, वायरल तस्वीर ने खोली स्कूल के अव्यवस्था की पोल
Bihar Govt School: बिहार में सरकारी स्कूलों की लचर व्यवस्था की आए दिन सवाल उठते रहे हैं। वही अब एक नए मामले में शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
दरभंगा के जगदीशपुर (मनिगाछी प्रखंड) के प्राथमिक विद्यालय का यह पूरा मामला है। जहां 198 छात्र पांच दिनों से बिना शिक्षक के ही स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। रसोइया के भरोसे पूरे स्कूल का संचालन हो रहा था।

अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे मुमकिन है, स्कूल में तो कम से कम एक भी शिक्षक तो ज़रूर होंगे लेकिन यह हकीकत है कि स्कूल से सारे शिक्षक ही गायब थे, बच्चे रसोइया के भरोसे पढ़ाई कर रहे थे।
जगदीशपुर प्राथमिक विद्यालय में ऐसे हालात इसलिए पैदा हुए, क्योंकि यहां एक शिक्षिका का प्रेम प्रसंग स्कूल की ही प्रधानाध्यापिका के बेटे के साथ चल रहा था। स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता कुमारी को उसका बेटा हर रोज़ विद्यालय छोड़ने आता था।
अपनी मां को स्कूल ड्रॉप करने के बाद वह विद्यालय परिसर में ही पूरा वक्त बिताया करता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती शिक्षिका रोहिणी कुमारी से हुई और फिर यह दोस्ती प्रेम प्रसंग में तब्दील हो गई। पिछले 1 साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।
30 जुलाई 2024 को प्रिंसिपल सुनीता कुमारी, असिस्टेंट टीचर बैजू कुमार और रोहिणी कुमारी हाज़िरी बनाकर स्कूल से चली गई। इसके बाद मधुबनी ज़िला निवासी अशोक कुमार पांडेय (रोहिणी के पिता) ने अपनी बेटी के अपहरण का मामला दर्ज करवाया।
31 जुलाई 2024 को नेहरा थाना में दर्ज किए गए अपहरण मामले का आरोप स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता कुमारी, सहायक टीचर बैजू कुमार पर लगाया। इधर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें शिक्षिका रोहिणी और प्रिंसिपल सुनीता कुमारी के पुत्र दूल्हा और दुल्हन के जोड़े में नज़र आ रहे हैं। इस तस्वीर को देखने के बाद लोगों का कहना है कि दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया है।
प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने के लिए कुल 5 शिक्षक हैं ही, इसमें से 3 तो पहले ही गायब हो गए, वहीं एक शिक्षक शिव नारायण चौपाल हादसे की वजह से छुट्टी पर हैं। वही दूसरी शिक्षिका प्रियंका कुमारी मेटरनिटी लीव पर हैं। इस तरह से स्कूल से सभी शिक्षक नदारद हो गए, और बच्चे रसोइया के भरोसे पठन पाठन कर रहे।
वन इंडिया हिंदी ने जब ज़िला शिक्षा पदाधिकारी दरभंगा से बात की तो उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी, विस्तार से बताने के बाद उन्होंने कहा कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस मामला के उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है कि, इतनी बड़ी लापरवाही हो रही थी और विभाग के अधिकारियों को पता तक नहीं चला।












Click it and Unblock the Notifications