पटना में सीएम चन्नी के खिलाफ FIR दर्ज, भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दर्ज कराई शिकायत
पंजाब। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह अपने बयान को लेकर मुसीबत में घिरते हुए नजर आ रहे हैं। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए दिए गए भड़काऊ भाषण को लेकर चौतरफा विरोध शुरू हो गया है। इसी कड़ी में बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं थाने में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने सीएम चन्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी है। इसकी पुष्टि कदमकुआं थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार ने की है।
Recommended Video

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक वरिष्ठ पदाधिकारी मनीष कुमार की शिकायत के आधार पर पटना के कदमकुआं पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है. हालांकि, अधिकारी ने इस मुद्दे के बारे में अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया क्योंकि यह राजनीतिक रूप से संवेदनशील है। उन्होंने कहा, "मामले की जांच की जा रही है।"
लिखित शिकायत में भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा है कि पंजाब के रूपनगर में पंजाब के सीएम ने बिहार और उत्तर प्रदेश के नागरिकों के बारे में भड़काऊ व विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि यूपी व बिहार के लोगों को पंजाब में घुसने नहीं दिया जाएगा। इससे हर कोई आहत हुआ है।
इसके अलावा लिखा कि बिहार व यूपी के लोग देश के किसी भी कोने में जाते हैं तो वह अपने परिश्रम और प्रतिभा से अपनी एक अलग पहचान बनाते हैं। भारतीय संविधान के मुताबिक देश का कोई भी नागरिक किसी भी राज्य व स्थान पर रह सकता है। लेकिन एक संवैधानिक पद पर आसीन कांग्रेस नेता व पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के भड़काऊ बयान के बिहार व उत्तर प्रदेश की जनता को ठेस पहुंची है।
वहीं इसी कड़ी में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि क्या वे जानते हैं कि पंजाब में बिहार के लोगों का कितना योगदान है और कितने (वहां) रह रहे हैं? मैं हैरान हूं कि लोग इस तरह के बयान कैसे देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications