'वापस 2 सीटों पर पहुंच जाएगी बीजेपी', नीतीश कुमार के दावे से भी कितनी आगे निकल गई पार्टी
पटना, 4 सितंबर: बिहार में जब से भाजपा-जदयू गठबंधन टूटा है, दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी हो रही है। कभी नीतीश कुमार 2024 में भाजपा को 50 सीटों पर समेटने के दावे कर रहे हैं तो कभी उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 2 सीटों तक की औकात दिखाने में नहीं झिझक रहे हैं। जेडीयू नीतीश को अगले आम चुनाव में विपक्ष के चेहरे के तौर पर पेश करने में लगी हुई है, तो खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कभी दो कदम आगे बढ़ाते दिख रहे हैं तो कभी चार कदम पीछे होते नजर आ रहे हैं। आइए देखते हैं कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा समय में सीएम नीतीश कुमार के सबसे खासमखास राजीव रंजन उर्फ लल्लन सिंह ने बीजेपी को लेकर क्या-क्या दावे किए हैं और क्या आरोप लगाए हैं।

बीजेपी की सीटों को लेकर जेडीयू की भविष्यवाणी जारी
बिहार में नीतीश कुमार के भाजपा से गठबंधन तोड़ने के बाद उनकी पार्टी के नेताओं में बीजेपी को नीचा दिखाने की होड़ लग गई है। अपनी पूर्व सहयोगी को कमतर आंकने में जेडीयू के नेता बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। बिहार में सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ लल्लन सिंह ने रविवार को दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी बिहार की 40 में से 40 सीटें जीत लेगी। लेकिन, उन्होंने भाजपा को लेकर सबसे बड़ा दावा ये किया है कि 'बीजेपी दो सीटों के साथ शुरू हुई थी और जल्द ही उतने पर ही पहुंच जाएगी।' गौरतलब है कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए 1984 के आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा में सिर्फ 2 ही सीटें मिली थीं।
Recommended Video

वापस 2 सीटों पर पहुंच जाएगी बीजेपी- जेडीयू
दरअसल, बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से भाजपा के साथ गठबंधन तोड़कर लालू यादव की पार्टी आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बनाई है, जेडीयू उन्हें 2024 के आम चुनावों में राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष के चेहरे के तौर पर पेश करने के लिए हाथ-पैर मार रही है। बिहार में नीतीश कुमार इस समय उन सात दलों की गठबंधन सरकार की अगुवाई कर रहे हैं, जो पार्टियां केंद्र में विपक्ष में हैं, जिसमें जेडीयू, आरजेडी के अलावा कांग्रेस भी शामिल है। भविष्य में केंद्र की राजनीति में अपनी संभावनाओं को तलाशने के लिए नीतीश कुमार के सोमवार को दिल्ली पहुंचने की भी संभावना है, जहां वह विपक्ष के तमाम नेताओं से मिल सकते हैं। जब, लल्लन सिंह से नीतीश की दिल्ली यात्रा के बारे में पूछा गया कि बीजेपी तो कह रही है '2024 में प्रधानमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है' तो वह भड़क गए। उन्होंने कहा, 'उन्हें बोलने दीजिए। उन्होंने 2 के आंकड़े से शुरू किया था और वहीं पर पहुंच जाएंगे।'

'हम किसी संख्या की बात नहीं कर रहे हैं'
एक दिन पहले ही लल्लन सिंह के बॉस और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पूर्व सहयोगी बीजेपी के लिए लोकसभा चुनावों में 50 सीटें जीतने की भविष्यवाणी की थी। नीतीश ने कहा था, 2024 के चुनावों में बीजेपी '50 सीटों पर आ जाएगी' 'अगर सभी विपक्षी दल मिलकर चुनाव लड़ें......और मैं उसके लिए काम कर रहा हूं।' लेकिन, एक दिन बाद ही यानी रविवार को पार्टी की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद नीतीश का टोन बदला हुआ नजर आया और शनिवार वाली भविष्यवाणी गायब दिखी। वे बोले, 'अगर सभी क्षेत्रीय दल एक साथ आ जाएं और साथ में मिलकर चुनाव लड़ें तो हमें सफलता मिलेगी। लेकिन, हम किसी संख्या की बात नहीं कर रहे हैं।'

भाजपा भी नीतीश को लेकर कर रही है दावे
उधर बीजेपी बिहार में बदले राजनीतिक समीकरणों के बाद लगातार नए सिरे से अपनी रणनीति बनाने में लगी है। उसके स्थानीय नेता सुशील मोदी ने भी नीतीश कुमार के बारे में कहा था कि 'प्रधानमंत्री की बात तो भूल जाइए' 2024 में नीतीश का जनाधार और खिसक जाएगा। बिहार में पार्टी की बदली रणनीति के तहत ही गृहमंत्री शाह के 23-24 सीतंबर को सीमांचल क्षेत्र के दौरे की संभावना है। 23 सितंबर को वह पूर्णिया जिले में एक रैली कर सकते हैं और 24 को किशनगंज में संगठन की बैठक में शामिल हो सकते हैं।

गृहमंत्री अमित शाह पर लल्लन सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
केंद्रीय गृहमंत्री के इस कार्यक्रम के बारे में लल्लन सिंह ने गंभीर आरोप लगाया है और कहा है कि यह प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा है, 'अमित शाह आएंगे और देश भर में और बिहार में भी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। बिहार की जनता सावधान है। उन्हें कोई फायदा नहीं मिलेगा।' दरअसल, सीमांचल मुस्लिम बहुल इलाका है और आरजेडी की वजह से वहां महागठबंधन का काफी दबदबा माना जा रहा है। यह वही इलाका है, जहां से 2020 के विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के पांच विधायक भी चुनाव जीत गए थे, जिनमें से चार ने दल-बदल करके लालू-तेजस्वी की लालटेन थाम ली थी। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications