लालू यादव जैसे नेता अपने कुनबे तक सीमित, PM मोदी ने साबित किया-पूरा देश उनके लिए परिवार- वीडी शर्मा
वीडी शर्मा ने कहा कि राजनीति में सक्रिय परिवारवादी पार्टियों के लालू यादव जैसे नेता अपने ही परिवार में उलझे रहते हैं। वे सिर्फ अपने ही बेटे-बेटियों और परिवारजनों के भविष्य के बारे में सोचते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हर संबोधन की शुरुआत 'मेरे परिवारजनों' शब्द से करते है।
वो पूरे देश को ही अपना परिवार मानते हैं। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में 'मोदी का परिवार' अभियान शुरू किया है। इंडी गठबंधन मोदी जी का परिवार ढूंढेगा तो भारत के हर परिवार में जाना होगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया को बाइट देते हुए कही।

लालू यादव ने क्या कहा था
लालू ने कहा कि प्रधानमंत्री से पूछा जाना चाहिए कि उनके पास कोई संतान क्यों नहीं है। पीएम द्वारा परिवारवाद की बात की जाती है, लेकिन उनके पास खुद का परिवार नहीं है। लालू ने इस दौरान प्रधानमंत्री पर विवादास्पद टिप्पणी की है। RJD अध्यक्ष लालू यादव ने कहा था कि हर हिंदू अपनी मां की मृत्यु पर शोक व्यक्त करने के लिए अपना सिर और दाढ़ी बनवाता है "जवाब दीजिए PM मोदी जी आप ने बाल और दाढ़ी क्यों नहीं बनवाई। उनके इस बयान के बाद बीजेपी लालू पर हमलावर है।
देश के लिए काम करते हैं प्रधानमंत्री
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के लिए पूरा देश उनका परिवार है और मोदी जी उसी परिवार के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं। उनके जीवन का एक-एक पल और एक-एक क्षण भारत माता के लिए, देश और समाज के लिए और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। जबकि लालू यादव जैसे नेता सिर्फ अपने बेटे के लिए सोचते हैं और उसी के लिए काम करते हैं।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का विजन है-'वसुधैव कुटुम्बकम'। प्रधानमंत्री के लिए सारी दुनिया ही एक परिवार है और यही भारतीय संस्कृति भी कहती है। इसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कोरोनाकाल में साबित भी किया है। उन्होंने लोगों की जान बचाने के लिए दुनिया के अनेक देशों को कोरोना वैक्सीन और दवाएं भेजी, जिनमें कई मुस्लिम देश भी शामिल हैं।
क्यों किया भगवान राम का अपमान, जनता को बताएं राहुल
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि राघोगढ़ की जनता दिग्विजय सिंह से यह पूछ चुकी है कि क्यों जनता के साथ छल-कपट किया, क्यों रामलला का अपमान किया? राहुल गांधी आज राघौगढ़ में हैं और आज राघोगढ़ समेत पूरे प्रदेश की जनता राहुल गांधी से यह पूछ रही है कि कांग्रेस ने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार क्यों किया?
शर्मा ने कहा कि जो भगवान राम हर भारतीय के हृदय में विराजमान हैं, उनका अपमान, भारतीय संस्कृति का अपमान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की राजनीति के आधार हैं। शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी कांग्रेस का बंटाढार हो गया था। देश विरोधी चरित्र वाले लोगों को जनता ने नकार दिया है।
प्रदेश में रामराज्य हो, इसलिए रामलला का अशीर्वाद लेने गए मंत्री
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लाखों लोगों के बलिदान और 500 वर्षों के इंतजार के बाद 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। जिसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार के सभी मंत्री अयोध्या गए हैं। प्रदेश में रामराज्य हो और गुड गवर्नेंस का लाभ प्रदेश की जनता को मिले, इसके लिए मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री श्री रामलला के दर्शन करने गए हैं। भविष्य में पार्टी के सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अयोध्या जाएंगे।
हर बूथ बनेगा मोदी बूथ
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी हर बूथ पर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश का हर बूथ मोदी बूथ बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प को पूरा करेंगे और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को 370 कमल के फूलों की माला पहनाकर इतिहास बनाएंगे।
किसानों की हरसंभव सहायता करेगी प्रदेश सरकार
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र खजुराहो समेत बुंदेलखंड के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई है, जिससे कई गांव प्रभावित हुए हैं। किसानों को हुए नुकसान के बारे में मुख्यमंत्री जी और प्रशासन के अधिकारियों से मेरी बातचीत हुई है। नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। उसके बाद किसानों को उचित राहत देने का काम प्रदेश सरकार करेगी, उनकी हरसंभव सहायता करेगी












Click it and Unblock the Notifications