पटनाः JDU विधायक गोपाल मंडल पर BJP के नेताओं ने की कार्रवाई की मांग, डिप्टी सीएम पर लगाया था गंभीर आरोप
पटना। अक्सर अपने बयानों और कारनामों के चलते चर्चा में रहने वाले जनता दल यूनाइटेड के विधायक गोपल मंडल एक बार फिर अपनी बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में हैं। वहीं भाजपा के तमाम नेताओं ने एक सुर में जदयू विधायक गोपाल मंडल पर कार्रवाई की मांग की है। जदयू के भागलपुर के गोपालपुर विधानसभा सीट से विधायक गोपाल मंडल ने पिछले दिनों डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि तारकिशोर प्रसाद भागलपुर केवल पैसा वसूलने के लिए आते हैं। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद को इस्तीफा दे देना चाहिए।

बता दें कि उस दौरान तारकिशोर प्रसाद भागलपुर के दौरे पर आए हुए थे। जेडीयू विधायक गोपाल मंडल द्वारा बीजेपी के डिप्टी सीएम को लेकर दिए गए इस बयान के बाद बीजेपी खेमे में हंगामा मच गया। जेडयू विधायक गोपाल मंडल के बयान पर बीजेपी के नेताओं ने अपना गुस्सा निकालते हुए कार्रवाई की मांग कर दी है। भाजपा विधायक नेता और वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि गोपाल मंडल का मानसिक संतुलन खराब हो चुका है।
मंत्री नीरज बबलू ने कहा कि गोपाल मंडल अक्सर मीडिया में बने रहने के लिए अनाप-शनाप बयान देते रहते हैं। सीएम नीतीश कुमार से कार्रवाई की मांग करते हुए बबलू ने कहा कि गोपाल मंडल पर जेडीयू को तत्काल और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के बयान पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग एनडीए के भीतर आग लगाना चाहते हैं। बीजेपी ने टुन्ना पांडेय जैसे लोगो पर कार्रवाई की है ऐसे में जेडीयू को भी चाहिए कि गोपाल मंडल पर गलत बयानी के लिये कार्रवाई करे।












Click it and Unblock the Notifications