400 पार का दावा करने वाली सरकार पूरी तरह से डर गई है, केजरीवाल की गिरफ्तारी से पता चलता है- नियाज़ अहमद
CM Kejriwal Arrested: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर विपक्षी दलों ने हमला तेज़ कर दिया है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता भी केंद्र सरकार की जमकर आलोचना कर रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के बिहार प्रदेश प्रवक्ता नियाज़ अहमद ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए आम आदमी के बिहार प्रवक्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर नाराज़गी ज़ाहिर की। नियाज़ अहमद ने कहा कि दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री कि अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तारी हुई है।

इस गिरफ़्तारी से साफ ज़ाहिर है कि केंद्र की मौजूदा सरकार लोकतांत्रिक तरीक़े से विपक्ष के साथ लड़ाई नहीं लड़ सकती है। इसलिए जांच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थानों की मदद से चुनाव लड़़ना चाहती है।
राजनैतिक, लोकतांत्रिक, संवैधानिक नैतिकता और मर्यादाओं को केंद्र सरकार ने तार-तार कर देश पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है। केजरीवाल के परिवार को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। किसी को भी उनसे मिलने की परमिशन नहीं दी जा रही है, क्या इस प्रकार की तानाशाही लोकतंत्र में उचित है?
खासकर तब जब शक्तियां चुनाव आयोग के पास हैं और आदर्श आचार संहिता लागू है अगर मौजूदा मुख्यमंत्रियों और प्रमुख विपक्षी नेताओं को चुनाव से कुछ हफ्ते पहले गिरफ्तार कर लिया जाता है तो हम भारत में निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि ईडी ने अरविंद केजरीवाल को भी बाकी आप नेताओं की तरह 'PMLA' कानून के अंतर्गत गिरफ्तार किया है। ये कानून आतंकवादियों को रोकने के लिए लाया गया था। इस कानून में बिना अपराध सिद्ध किये भी आप किसी को भी जेल में डाल सकते हो।
केन्द्र सरकार ने इसी कानून का इस्तेमाल कर आम आदमी पार्टी के सभी शीर्ष नेताओं को जेल में डालकर लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। 2 साल से अधिक समय से ईडी इस मामले में छानबीन कर रही है, हज़ारों जगह रेड मारने पर भी उसे 1 पैसा नहीं मिला।
गुरुवार रात भी मुख्यमंत्री आवास की पूरी तलाशी ली गई, जिसमें सिर्फ 70,000 रुपये नक़द में मिले, जिसे ईडी वापस लौट गई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मोबाइल ले लिया गया और उन्हें गिरफ़्तार कर ले गए। पूरी छापेमारी में कहीं कोई ग़ैरक़ानूनी रुपये, कागज़ या सबूत नहीं मिले।
नियाज अहमद ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद केजरीवाल की गिरफ्तारी से पता चलता है कि 400 पार दावा करने वाली केंद्र सरकार कितनी डरी हुई है उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बताया।












Click it and Unblock the Notifications