Bihar Today: आज से बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र, CSBC में ड्राइवर कांस्टेबल भर्ती शुरू
Bihar Hindi News Today- 21 July 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की प्रगति हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम-बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज 21 जुलाई को क्या-क्या होने वाला है।
बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू
बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र 21 जुलाई, सोमवार से शुरू हो रहा है, जो 25 जुलाई 2025 तक चलेगा। यह मौजूदा सरकार के कार्यकाल का आखिरी सत्र भी माना जा रहा है, ऐसे में सत्र के दौरान कई अहम पहलुओं पर चर्चा की संभावना है।

पहले दिन पेश होगा अनुपूरक बजट
सत्र की शुरुआत में वित्त मंत्री द्वारा अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। यह बजट मौजूदा वित्तीय वर्ष में अतिरिक्त खर्चों की मंजूरी के लिए लाया जाता है। इसमें कई विभागों के लिए अतिरिक्त राशि की मांग की जा सकती है।
अध्यादेशों की कॉपी और समितियों की रिपोर्ट रखी जाएगी
सत्र के पहले दिन राज्यपाल द्वारा स्वीकृत अध्यादेशों की कॉपी सदन के पटल पर रखी जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा की विभिन्न समितियों की रिपोर्ट भी सदन के सामने पेश की जाएगी।
व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश
सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा भवन में एक हाई लेवल बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने की। उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक, चिकित्सा, सफाई और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
CSBC में ड्राइवर कांस्टेबल भर्ती शुरू
बिहार केंद्रीय चयन बोर्ड (CSBC) ने ड्राइवर कांस्टेबल पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4,361 पदों पर नियुक्ति होनी है। आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू होकर 20 अगस्त 2025 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार CSBC की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पटना हाई कोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस आज लेंगे शपथ
पटना हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस जस्टिस आशुतोष कुमार को गुवाहाटी हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उनके सम्मान में 17 जुलाई 2025 को पटना हाई कोर्ट के नए शताब्दी भवन में विदाई समारोह आयोजित किया गया। संभावना है कि 21 जुलाई 2025 को वे गुवाहाटी हाई कोर्ट में शपथ ग्रहण करेंगे। उसी दिन पटना हाई कोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस विपुल एम पंचोली भी राज्यपाल के सामने पद एवं गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications