रामनवमी विवाद: क्या सासाराम को छोड़कर जा रहे हैं हिंदू? शहर में स्कूल- कॉलेज बंद, जानें कैसे हैं हालात
Bihar Sasaram Rohtas News: 31 मार्च को नालंदा के बिहारशरीफ और रोहताह जिले के सासाराम में झड़प की सूचना मिली थी, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा होना था।

Bihar Sasaram Rohtas News: बिहार के कुछ हिस्सों में रामनवमी के उत्सव के दौरान दो गुटों के बीच झड़प के बाद राज्य पुलिस ने रविवार को कहा जिन जिलों में झड़प हुई है, वहां स्थिति को कंट्रोल में किया जा रहा है। राज्य पुलिस ने भी लोगों को अफवाहों पर विश्वास न करने की सलाह दी। इस बीच रोहतास के सासाराम में बम विस्फोट की घटना की जानकारी मिली है।
बम विस्फोट में 6 घायल हुए हैं और 2 की गिरफ्तारी हुई है। इसी बीच ऐसी रिपोर्ट आई कि सासाराम में रामनवमी की झड़पों के बाद कई हिंदू परिवार अपने-अपने इलाकों को छोड़ कर जा रहे हैं। अब बिहार पुलिस ने हिंदुओं के इलाके छोड़ने की खबरों को 'पूरी तरह निराधार' बताया है।
तनाव के बीच सासाराम में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। रोहतास जिले में 04 अप्रैल तक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। साथ ही सभी कोचिंग संस्थान भी बंद रहेंगे।
क्या सासाराम में हिंदू छोड़ रहे हैं अपना इलाका? पुलिस ने क्या कहा?
सासाराम में रामनवमी की झड़पों के बाद कई हिंदुओं के अपने-अपने इलाकों को छोड़ने का दावा करने वाली कुछ रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार पुलिस ने रविवार को कहा, ''यह पूरी तरह से निराधार और बेतुकी अफवाह है। किसी ने अपना मोहल्ला नहीं छोड़ा है। हम आम जनता से अपील करते हैं कि ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सासाराम में स्थिति शांतिपूर्ण और सामान्य है।''
सासाराम में कैसे हुए बम विस्फोट
पुलिस ने कहा कि सासाराम में बम विस्फोट की सूचना मिली है, एक स्कूटी भी बरामद हुई है। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह सांप्रदायिक घटना नहीं लगती है।
पुलिस ने घटना पर अपडेट देते हुए कहा कि सासाराम में कल हुए एक विस्फोट में छह लोग घायल हो गए थे। शहर में एक निजी संपत्ति पर अवैध विस्फोटकों को संभालने के दौरान यह घटना हुई थी। घटना के बाद घायलों को बीती रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और फोरेंसिक टीम जांच में लगी है।
Bihar | It has been found that 6 persons were injured during the handling of illegal explosives at a private property in Rohtas; a team of forensic experts is conducting an investigation at the spot. Two persons arrested: Rohtas Police pic.twitter.com/5CLihSFYmh
— ANI (@ANI) April 2, 2023
वहीं सासाराम डीएम धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि सासाराम बम ब्लास्ट में घायव हुए लोगों को BHU अस्पताल रेफर किया गया है। हम अभी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
बिहार ने पुलिस ने राज्य की स्थिति पर क्या कहा?
बिहार पुलिस ने कहा कि सासाराम और नालंदा जिले के बिहारशरीफ में स्थिति फिलहाल पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। पुलिस ने बताया कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर घटना के सिलसिले में नालंदा में 27 और सासाराम में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कहा कि झड़पों के मद्देनजर जिलों में पर्याप्त सुरक्षा तैनात की गई थी और वरिष्ठ अधिकारी भी हिंसा प्रभावित इलाकों में डेरा डाले हुए हैं।
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को घटनाओं की जांच करने और झड़पों के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने को कहा है। नीतीश कुमार ने कहा कि झड़पों में बाहरी हाथ का संदेह है कि बिहार में ऐसी घटनाएं स्वाभाविक नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications