'खेला अभी बाकी है, आप लिख के ले लीजिए...': नीतीश कुमार को तेजस्वी यादव का खुला चैलेंज
Bihar politics news: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती देते हुए कहा है कि उनकी पार्टी जेडीयू 2024 में ही खत्म हो जाएगी।
जेडीयू सुप्रीमो के फिर से पाला बदलकर बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में शामिल होने के फैसले को लेकर तेजस्वी यादव ने मीडिया के सामने उनपर जमकर निशाना साधा है और कहा है कि खेल तो अभी बाकी है।

नीतीश थके हुए मुख्यमंत्री थे- तेजस्वी यादव
तेजस्वी के मुताबिक, 'हमने तो इतना इनसे (नीतीश कुमार से) करवाया जो थक गए थे, जिनका अपना कोई विजन नहीं था....थके हुए मुख्यमंत्री थे, उनसे हमने इतना काम करवाया...'
लिख के ले लीजिए, जदयू 2024 में ही खत्म हो जाएगी- आरजेडी नेता
उन्होंने नीतीश के लिए ललकारने की अंदाज में कहा है कि 'अभी खेल शुरू हुआ है...अभी खेला बाकी है...और मैं जो कहता हूं वो करता हूं....और आप लिख के ले लीजिए जनता दल (यूनाइटेड) जो पार्टी है, 2024 में ही खत्म हो जाएगी, ये निश्चित रूप से लिख लीजिए।'
तेजस्वी ने भाजपा से कहा धन्यवाद
उन्होंने आगे कहा, '...और अभी तो खेल शुरू हुआ है, खेल बाकी है। हमारा मानना है कि जनता हमारे साथ है और हमारा साथ देगी। हम तो भाजपा के लोगों को भी धन्यवाद देते हैं, शुभकामनाएं देते हैं...चलो जनता दल (यूनाइटेड) को अपने साथ लिया....'
जो काम 17 महीने में हुआ 17 वर्षों में नहीं हुआ- तेजस्वी यादव
नीतीश कुमार के उनके कामों का श्रेय लेने के आरोपों पर उन्होंने कहा, 'हमने जो काम किया है, उसका श्रेय हमें क्यों नहीं लेना चाहिए? ...जो सीएम कहा करते थे कि यह नौकरियां देना असंभव है, हमने नौकरियां दीं और दिखाया कि यह संभव है।'
'हमने पर्यटन में, आईटी और खेल में नई नीतियां लागू करने का काम किया। जो काम 17 महीनों में हुआ है, वह 17 वर्षों (बीजेपी-जेडीयू) में नहीं हो पाया। 17 महीने में हमने ऐतिहासिक काम किया...'
'हमारी वजह से बांटे गए नौकरियों के नियुक्ति पत्र'
वो बोले कि 'जब नीतीश कुमार हमारे साथ थे तो वे कहा करते थे कि इतना काम हो रहा है। क्या आपने पहले कभी नीतीश कुमार को नियुक्ति पत्र बांटते देखा था? यह हम थे जिसकी वजह से उन्होंने नियुक्ति पत्र बांटने का काम किया और बाद में केंद्र सरकार ने भी हमें फॉलो किया।...'
इंडिया अलायंस पर क्या बोले तेजस्वी?
जहां तक इंडिया अलायंस की बात है तो तेजस्वी यादव का कहना है कि 'इंडिया अलायंस मजबूत है। जो होता है अच्छे के लिए होता है.....'












Click it and Unblock the Notifications