अपराधियों को पकड़ने की बिहार पुलिस की अजीबोगरीब तरकीब! वीडियो हो रहा है वायरल
पश्चिमी चंपारण। बिहार राज्य की पुलिस आए दिन किसी न किसी कारण से लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है। चाहे वो थाने में शराब बरामदगी का मामला हो या फिर अपराधियों को पकड़ने के तरीके। बिहार की पुलिस का ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में अपराधी को पकड़ने के तरीके को देख आप हंसते-हंसते लोटपोट हो सकते हैं।

बेतिया जिले में पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले में फरार आरोपी युवक को सोमवार की शाम लौरिया थाने की पुलिस ने इस तरीके से पकड़ा है कि अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया युवक पहले भी दो बार पुलिस की गिरफ्त से फरार हो चुका है और जब तीसरी बार पकड़ा गया तो भी भागने के फिराक में था।
बता दें कि लौरिया थाने के जमादार जितेंद्र ओझा ने युवक को खदेड़कर पकड़ लिया और बीच सड़क पर उसकी धुनाई भी कर दी। इस दौरान करीब 10 मिनट तक रामनगर-लौरिया मुख्य सड़क पर ड्रामा चला। राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक अंबुज ठाकुर लौरिया थाना क्षेत्र के ठाकुर टोला गांव का रहने वाला है।
आरोपी युवक के खिलाफ दो अलग-अलग थानों में दो मामले दर्ज हैं। सोमवार की शाम के वक्त लौरिया थाने के जमादार जितेंद्र ओझा वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी युवक अंबुज ठाकुर बाइक से आया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा तभी जमादार ने खदेड़कर पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications