राहुल गांधी की यात्रा के बीच बिहार में घुसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
नेपाल की सीमा के रास्ते पाकिस्तान के आतंकवादियों के बिहार में घुसने की खुफिया सूचना मिली है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस ने तीनों आतंकियों के नाम और फोटो से जुड़ी जानकारी भी साझा कर दी है। मोतिहारी पुलिस ने इन तीनों संदिग्धों की गिरफ्तारी पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया है।
सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन संदिग्ध सदस्यों ने नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में घुसपैठ की है। बिहार पुलिस के अनुसार, उनकी पहचान रावलपिंडी निवासी हसनैन अली, उमरकोट निवासी आदिल हुसैन और बहावलपुर निवासी मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई है।

सीमावर्ती जिलों में कड़ी निगरानी
पुलिस ने सत्यापन और कड़ी निगरानी के लिए सीमावर्ती जिलों में उनके नाम, तस्वीरें और पासपोर्ट विवरण भेज दिए हैं। खुफिया रिपोर्टों से पता चलता है कि तीनों अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे और महीने के तीसरे सप्ताह में बिहार में प्रवेश कर गए।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के मद्देनजर, राज्य में आतंकवादी हमले की आशंका को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सूत्रों ने बताया कि सीनियर पुलिस अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दे दी गई है और सभी जिला खुफिया इकाइयों को निगरानी बढ़ाने, क्षेत्रीय जानकारी एकत्र करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बड़ा आतंकी हमला कर सकते हैं आतंकी
अधिकारियों को आशंका है कि घुसपैठिए देश के किसी हिस्से में कोई बड़ा आतंकी हमला करने की योजना बना रहे होंगे। यह कोई अकेला मामला नहीं है, क्योंकि सिर्फ तीन महीने पहले, मई में सिर्फ़ 20 दिनों के भीतर 18 संदिग्ध व्यक्ति बिहार में घुस आए थे। इनमें से एक व्यक्ति को खालिस्तानी कार्यकर्ता के रूप में गिरफ़्तार किया गया था।
नेपाल के साथ बिहार की 729 किलोमीटर लंबी खुली सीमा इसे घुसपैठ का एक प्रमुख केंद्र बनाती है। राज्य के सात जिले इस सीमा को सीधे साझा करते हैं, जिससे चौबीसों घंटे निगरानी करना बड़ी चुनौती बन जाता है। इसके अलावा बांग्लादेश की सीमा किशनगंज जिले से केवल 20 किलोमीटर दूर है, जहां घुसपैठियों पर नजर रखना किसी चुनौती से कम नहीं है।
बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा
बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का आज 12वां दिन है, लेकिन राज्य में पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों के घुसने की खुफिया खबर ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और यात्रा मार्ग के आसपास अतिरिक्त चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications