Patna Crime: पटना में जमीन विवाद को लेकर 3 लोगों की गोली मारकर हत्या, एक घायल
Patna Three people shot dead: बिहार की राजधानी पटना में जमीन विवाद को दो गुटों के बीच हुई झड़प में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वहीं एक अन्य शख्स घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।
फतुहा के डीएसपी सिया राम यादव ने कहा, "फतुहा थाना के तहत 3 लोगों की आपसी गोलीबारी में मौत हो गई है। शवों को अस्पताल भेज दिया गया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।''

डीएसपी सिया राम यादव ने कहा है,''घटना स्थल पर पुलिस बल ने कैंप लगाया है। हालांकि अब स्थिति सामान्य है। एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका इलाज NMCH में कराया जा रहा है। गोलीबारी जमीनी विवाद के कारण होने की आशंका है।"
हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फतुहा के सुरगापार और नियाजीपुर में रहने वाले एक ही समुदाय के लोगों के बीच 400 रुपये को लेकर विवाद हुआ, जिसमें दोनों गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार (14 सितंबर) रात फायरिंग के दौरान तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शख्स को पीएमसीएच ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतक व्यक्तियों की पहचान जय सिंह (50), शैलेश कुमार (35) और प्रदीप कुमार (30) के रूप में की गई है। घायल युवक की पहचान मिंटूस (22) के रूप में हुई है। मामला दूध के बकाया पैसे को लेकर 400 रुपये का विवाद बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक, सीटी एसपी, पुलिस अनुमण्डल पदाधिकारी, थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे और मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
पूरे गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और पूरी घटना पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications