Bihar News: CM सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान उड़ी 'धूल', बक्सर के बड़े अधिकारी सस्पेंड
Samrat Choudhary Helicopter Landing: कहते हैं कि एक छोटी सी चूक भी कभी-कभी बड़ी मुसीबत बन जाती है। बक्सर में कुछ ऐसा ही हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दौरे के दौरान हेलीकॉप्टर लैंडिंग के समय इतनी धूल उड़ी कि मामला सीधे सरकार तक पहुंच गया।
इसके बाद जांच हुई, रिपोर्ट बनी और अब नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को सस्पेंड कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि वीवीआईपी विजिट के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब यह मामला पूरे बिहार में चर्चा का विषय बन गया है।

हेलीकॉप्टर उतरा नहीं, धूल का बादल छा गया
23 मई को बक्सर के किला मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कार्यक्रम था। हेलीकॉप्टर जैसे ही लैंडिंग के लिए नीचे आया, मैदान से भारी मात्रा में धूल उड़ने लगी। बताया जा रहा है कि मैदान की सही तरीके से सफाई नहीं हुई थी। धूल इतनी ज्यादा थी कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग प्रभावित हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में इस पूरे मामले को सिक्योरिटी और प्रोटोकॉल से जुड़ी बड़ी चूक माना गया।
ये भी पढे़ं: PMCH में अचानक पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, गायब मिले प्रिंसिपल, फोन भी नहीं उठाया, अब नपेंगे!
जांच टीम ने खोली पूरी कहानी
घटना के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कर दी। एक स्पेशल टीम बनाई गई जिसने मैदान की तैयारी, सफाई व्यवस्था और अधिकारियों की जिम्मेदारी की जांच की। टीम ने अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी। रिपोर्ट में कई कमियां सामने आईं। जांच में पाया गया कि जिन तैयारियों को पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था, उनमें लापरवाही बरती गई। रिपोर्ट के आधार पर मामला राज्य सरकार तक पहुंचा और फिर एक्शन लिया गया।
Buxar के बड़े अधिकारी हुए सस्पेंड
जांच रिपोर्ट आने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने बड़ा फैसला लिया। नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। विभाग का मानना है कि उनके स्तर पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की गईं। सरकार ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी वीवीआईपी कार्यक्रम में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सस्पेंशन के बाद प्रशासनिक महकमे में भी इस कार्रवाई की काफी चर्चा हो रही है।
ये भी पढे़ं: Bihar News: 'मेरे पति 4 दिनों से गायब, पता नहीं जिंदा भी हैं या नहीं', तेजप्रताप के पीए की पत्नी का बड़ा आरोप
सिक्योरिटी में चूक को Bihar सरकार ने माना गंभीर
सरकार का कहना है कि मामला सिर्फ धूल उड़ने का नहीं है। जब मुख्यमंत्री जैसे वीवीआईपी का दौरा हो, तब हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का खास ध्यान रखना पड़ता है। हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान किसी भी तरह की परेशानी सिक्योरिटी रिस्क बन सकती है। इसी वजह से विभाग ने इसे गंभीर मामला माना। अधिकारियों को पहले ही जरूरी निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनके पालन में कमी मिलने के बाद सख्त कदम उठाया गया।
अभी और बढ़ सकती है मुश्किल
सस्पेंशन के बाद भी कुमार ऋत्विक की परेशानी खत्म होती नहीं दिख रही है। सरकार जल्द ही उन्हें चार्जशीट जारी कर सकती है और विभागीय जांच भी शुरू होगी। इस दौरान उनका मुख्यालय मुजफ्फरपुर में तय किया गया है। वहीं बक्सर नगर परिषद में नए कार्यपालक पदाधिकारी की तैनाती की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। सरकार ने इस कार्रवाई के जरिए साफ कर दिया है कि प्रोटोकॉल और सिक्योरिटी से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही पर सीधे एक्शन होगा।












Click it and Unblock the Notifications