Bihar New Cabinet में युवा जोश की एंट्री? क्या NDA मंत्रिमंडल मैथिली ठाकुर पर लगाएगी बड़ा दांव?
Bihar New Cabinet 2025: बिहार में नई सरकार गठन की हलचल तेज हो चुकी है। माना जा रहा है कि 20 नवंबर को गांधी मैदान में जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले बीजेपी और जेडीयू के विधायक दल की आज हो रही अलग-अलग बैठकों में नेता के चयन की प्रक्रिया जारी है, जिससे नई सरकार का खाका लगभग साफ होता दिख रहा है।
इसी राजनीतिक सरगर्मी के बीच अलीनगर की युवा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर सबसे चर्चित चेहरे के रूप में उभरी हैं। सूत्रों का कहना है कि महिला-युवा-सांस्कृतिक समीकरण साधने के लिए NDA सरकार उन पर बड़ा दांव खेल सकती है।

मैथिली ठाकुर पर सबकी नजर
नई कैबिनेट को लेकर चर्चाओं के बीच दरभंगा के अलीनगर से जीतीं 25 वर्षीय लोकगायिका और BJP MLA मैथिली ठाकुर राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। वे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सबसे युवा विधायकों में से एक हैं और पहली बार चुनाव लड़कर ही बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद उम्मीदवार विनोद मिश्रा को 11,730 वोटों से हराया।
नई कैबिनेट में क्यों फिट बैठती हैं मैथिली?
मैथिली ठाकुर न सिर्फ युवा चेहरे के रूप में बीजेपी की छवि को मजबूत कर सकती हैं, बल्कि महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं। उनकी सांस्कृतिक पहचान, लोकप्रियता और युवाओं में मजबूत पकड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि उन्हें कला-संस्कृति, युवा मामलों या सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिल सकती है। भाजपा की 'सरप्राइज रणनीति' को देखते हुए राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मैथिली ठाकुर को मंत्री पद देना पार्टी द्वारा युवा और महिला वोटरों को बड़ा संदेश देने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो सकता है।
मैथिली ठाकुर का पहला बयान: "पार्टी जो आदेश देगी, मैं वही करूंगी"
अलीनगर से प्रचंड जीत के बाद मैथिली ठाकुर ने मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना पर कहा मैं पार्टी के आदेश का पालन करूंगी। मुझे बहुत खुशी है कि मुझे यह अवसर मिला है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद बहुत काम करना है। अलीनगर का नाम बदलने के मुद्दे पर उन्होंने फिलहाल कोई प्रत्यक्ष राय नहीं दी और कहा कि उनका फोकस क्षेत्र के विकास पर रहेगा।
बिहार सरकार में नई कैबिनेट में युवा चेहरे की तैयारी
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बन रही नई NDA सरकार में बीजेपी अपने चेहरे बदलने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। पार्टी इस बार युवाओं, महिलाओं और सामाजिक रूप से प्रभावशाली समुदायों को कैबिनेट में अधिक प्रतिनिधित्व देने पर जोर दे रही है। इसी वजह से मैथिली ठाकुर, श्रेयसी सिंह और कई अन्य नए चेहरों के नाम तेजी से उभर रहे हैं, जिससे नई कैबिनेट में ताज़गी और नए आयाम जुड़ने की उम्मीद बढ़ गई है।
मैथिली ठाकुर की राजनीतिक यात्रा अभी शुरू हुई है, लेकिन जिस तरह से उनकी लोकप्रियता और छवि उभरकर सामने आई है, उससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि वे आने वाली नीतीश कैबिनेट में युवा और महिला सशक्तिकरण की मजबूत प्रतिनिधि बन सकती हैं। नीतीश कुमार की 10वीं पारी में कौन-कौन होंगे नए चेहरे, इसका ऐलान शपथ ग्रहण समारोह में हो जाएगा-लेकिन अभी के संकेत बताते हैं कि बिहार की नई राजनीति में मैथिली ठाकुर की एंट्री बड़ी और प्रभावशाली साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications