Bihar: कहीं 10वीं की छात्रा का शव तालाब से हुआ बरामद तो कहीं सनकी आशिक ने युवती को चाकू से गोदा
कहीं राजनेता, कहीं सनकी आशिक, कहीं स्कूल टीचर तो कहीं साथ में ही पढ़ने वाला लड़का, लगातार सामने आ रही इन घटनाओं में आरोपी और हत्यारे तो बदल रहे हैं लेकिन शिकार बस लडकियां ही हो रही हैं।

युवतियों और किशोरियों के साथ अपराध की घटनाए थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। जहां एक तरफ दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार रात एक युवक ने एक नाबालिग लड़की की चाकू के 40 से अधिक वार कर बेरहमी से हत्या कर दी, जहां यूपी के अयोध्या में एक 10वीं की छात्रा की स्कूल की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई, वहीं आज मंगलवार को बिहार से भी ऐसी ही दो सनसनीखेज घटनाए सामने आई हैं।
पहली घटना में बिहार के मुजफ्फरपुर में 24 घंटे से लापता 10वीं की छात्रा का शव मंगलवार को तालाब में मिला है। उसके गले और चेहरे पर चोट के निशान हैं। तो वहीं दूसरी घटना में बिहार के सीतामढ़ी में एक युवती द्वारा अपने प्रेमी से शादी से इनकार करने के बाद नाराज लड़के ने सोमवार को युवती के ऊपर चाकू से 12 बार हमला कर दिया, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई।

तालाब से बरामद हुआ 10वीं की छात्रा का शव
बता दें कि मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा निवासी किराना व्यापारी विनोद सिंह की 14 साल की बेटी सलोनी कुमारी सोमवार को घर से निकली थी। शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद से परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। वहीं मंगलवार को किशोरी का शव ब्रह्मपुरा थाने के सामने मंदिर के पीछे तालाब में मिला। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ब्रह्मपुरा थानेदार नवीन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची का परिवार भी मौके पर पहुंचा और शव को देखकर पहचान की।

शव रखकर लगाया जाम, परिजनों पर लाठी चार्ज
इस वारदात से गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और आगजनी की। पुलिस की दो बाइकों को भी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। लोगों ने पुलिस को खदेड़ने की कोशिश की। मौके पर अफरा तफरी की स्थिति बन गई। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिवार का आरोप है कि उसी की क्लास में पढ़ने वाले लड़के ने बेटी की हत्या की है। वह बेटी को बार-बार फोन करके परेशान करता था।

क्लासमेट पर है शक
फ़िलहाल इस मामले में पुलिस ने सलोनी के क्लासमेट को आरोपी बनाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बच्ची के गले और चेहरे पर जख्म के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर खून भी गिरा हुआ मिला है। टाउन डीएसपी का कहना है की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

शादी के लिए इंकार करने पर चाकू से हमला
दूसरी घटना बिहार के सीतामढ़ी में बथनाहा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। आरोपी चंदन और युवती के बीच पिछले 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक साल पहले युवती के परिजन को इसकी जानकारी मिली। ग्रामीण स्तर पर पंचायत हुई। दोनों को एक-दूसरे से अलग रहने की हिदायत दी गई। इसके बाद युवती अपने प्रेमी से अलग रहने लगी, लेकिन आरोपी ने पंचायत के निर्णय को नहीं माना।

12 बार चाकू से वार
वहीं सोमवार की शाम गांव में आयोजित एक शादी समारोह में पीड़ित लड़की दुल्हन को मेहंदी लगाने जा रही थी। इस दौरान गांव की तीन लडकियां भी उसके साथ मेहंदी लेकर जा रही थी। इसी बीच रास्ते में प्रेमी ने उसे रोक लिया और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। लड़की के मना करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए चाकू निकाल लिया। दूसरी लड़कियां जब तक कुछ समझ पाती, प्रेमी ने प्रेमिका पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। सनकी आशिक़ ने लड़की पर 12 बार चाकू से वार कर जख्मी कर दिया। इससे लहूलुहान प्रेमिका जमीन पर गिर गई।
Recommended Video

आरोपी परिवार समेत फरार
गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक चंदन कुमार (22) और उसका परिवार फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications