एक बार फिर नीतीश की JDU पर भारी पड़ी लालू की RJD, एमएलसी चुनाव में जीतीं इतनी सीटें
एमएलसी चुनाव में नीतीश कुमार की जेडीयू को झटका लगा है और आरजेडी ने उससे ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है।
पटना, 8 अप्रैल: हाल ही में संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में से चार- यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में प्रचंड जीत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी को एक महीने बाद ही बिहार से भी बड़ी खुशखबरी मिली है। बिहार में गुरुवार को 24 सीटों के लिए हुए विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के नतीजे घोषित किए गए, जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने 24 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की। हालांकि इस चुनाव में नीतीश कुमार की जेडीयू को झटका लगा है और आरजेडी ने उससे ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है।

5 पर जेडीयू और 6 सीटों पर जीती आरजेडी
चुनाव आयोग ने गुरुवार को बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों का ऐलान किया। इन 24 सीटों में से 13 सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की, जबकि 6 सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी जीते। एनडीए के खाते में गई एमएलसी की 13 सीटों में से 7 सीटें भाजपा, 5 सीटें जेडीयू और एक सीट पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को मिली है। हालांकि एमएलसी के इस चुनाव में आरजेडी ने जेडीयू से एक सीट ज्यादा हासिल करते हुए नीतीश कुमार झटका दिया है।

कांंग्रेस ने 24 में से कितनी सीटें जीती
चुनाव आयोग की तरफ से जारी नतीजों के मुताबिक, एमएलसी की चार सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। वहीं, हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हारी कांग्रेस का प्रदर्शन इस चुनाव में भी खराब रहा और उसे महज एक सीट पर ही जीत मिली। एमएलसी चुनाव के लिए एनडीए में हुए सीटों के बंटवारे के तहत भाजपा को 12, जेडीयू को 11 और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को चुनाव लड़ने के लिए 1 सीट दी गई थी।

एमएलसी चुनाव में भी हावी रहा जातियों का फैक्टर
आपको बता दें कि बिहार चुनाव में जातियों का फैक्टर सबसे ज्यादा हावी रहता है, जो इस एमएलसी चुनाव में भी साफ दिखाई दिया। चुनाव आयोग के नतीजों के मुताबिक, बिहार एमएलसी चुनाव में भूमिहार और राजपूत जातियों के उम्मीदवारों ने सबसे ज्यादा सीटें हासिल की हैं। कुल 24 सीटों के लिए हुए चुनाव में 6 सीटों पर राजपूत और 6 सीटों पर भूमिहार जाति के उम्मीदवार जीते हैं।

पांच सीटों पर जीते यादव जाति के उम्मीदवार
एमएलसी की जिन सीटों पर राजपूत जाति के उम्मीदवारों को जीत मिली है, उनमें औरंगाबाद, रोहतास, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, सहरसा और मुजफ्फरपुर शामिल है। वहीं, भूमिहार जाति के उम्मीदवारों में पटना सीट से आरजेडी के कार्तिकेय कुमार, गोपालगंज से भाजपा के राजीव कुमार और बेगुसराय सीट से कांग्रेस के राजीव कुमार जीते हैं। इनके अलावा वैशाली, नवादा, नालंदा, मधुबनी और गया सीटों पर यादव जाति के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने 'मन की बात' के लिए लोगों से मांगे सुझाव, ऐसे शेयर कर सकते हैं आप अपने विचार
केंद्रीय मंत्री गिरिराज के गढ़ में जीती कांग्रेस
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, 6 सीटों पर वैश्य समुदाय के उम्मीदवारों को जीत मिली है। वहीं, 24 सीटों के लिए हुए एमएलसी चुनाव में मुस्लिम या दलित समुदाय के एक भी उम्मीदवार को जीत नहीं मिली है। इस चुनाव में कांग्रेस को हालांकि एक ही सीट पर जीत मिली है, लेकिन पार्टी के लिए एक बड़ी बात यह है कि उसके उम्मीदवार ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के गढ़ बेगुसराय में जीत हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications