बिहारः प्याज से भरे ट्रक को हथियारों से लैस बदमाशों ने लूटा, 102 बोरी प्याज लेकर हुए फरार
कैमूर। बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मुठानी के पास नेशनल हाईवे दो पर अपराधियों ने 102 बोरी प्याज की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर इसकी सूचना दी तो पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। बता दें कि कुछ दिन पहले कुदरा में पिकअप वैन पर लदे लाखों रुपये के लहसुन को अपराधियों ने लूट लिया था।

प्याज की लूट को लेकर बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन हथियारबंद कार सवार अपराधियों ने सबसे पहले ड्राइवर को बंधक बनाया और 4 घंटे में 102 बोरी प्याज लूट कर फरार हो गए। अपराधियों द्वारा लूटे गए प्याज की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताया जा रहा है। पीड़ित ट्रक चालक देश राज ने बताया कि वो इलाहाबाद से जहानाबाद के लिए 102 बोरी प्याज ट्रक पर भरकर लेकर जा रहा था।
इसी दौरान आधा दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने मोहनिया के मुठानी डायवर्सन के पास बंधक बना लिया और करीब चार घंटे तक उसे घुमाते रहे। बीते गुरुवार की रात 10 बजे के करीब बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने आधी रात को लगभग दो बजे उसे घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया। चालक ने बताया कि अपराधियों ने कहा कि पांच किलोमीटर पैदल चलोगे तो तुम्हारी गाड़ी सड़क पर खड़ी मिली जाएगी।
ड्राइवर ने बताया कि जब वो पैदल पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो उसकी गाड़ी वहीं खड़ी मिली, लेकिन उसमें लदा हुआ प्याज गायब था। वहीं थाने के इंस्पेक्टर बान प्रीत राम ने कहा कि ड्राइवर द्वारा लूटपाट की सूचना देने के बाद घटनास्थल पर जांच कर आगे की कार्रवाई जारी है।












Click it and Unblock the Notifications