बिहार में 28 अफसरों का तबादला, नीतीश के करीबी IAS CMO से आउट! अब मिली कौन सी जिम्मेदारी?
Bihar IAS IPS Transfer: बिहार में नई सरकार बनने के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को राज्य के 16 वरिष्ठ IPS और 12 IAS अधिकारियों का तबादला कर प्रशासनिक मशीनरी को नई दिशा देने की कोशिश की है। इस फेरबदल में पुलिस, स्वास्थ्य, जल संसाधन, ऊर्जा, समाज कल्याण और मुख्यमंत्री सचिवालय जैसे अहम विभागों में बदलाव किए गए हैं।
कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। खास बात यह है कि चर्चित IPS अधिकारी विकास वैभव को फिर से फील्ड पोस्टिंग मिली है, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय से जुड़े कई भरोसेमंद अधिकारियों की भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सरकार का मानना है कि इस बदलाव से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

विकास वैभव की फील्ड में वापसी
सरकार के इस फैसले में सबसे ज्यादा चर्चा IPS अधिकारी विकास वैभव (IPS Vikas Vaibhav) की पोस्टिंग को लेकर हो रही है। उन्हें मगध रेंज का IG बनाया गया है। इससे पहले वह बिहार राज्य योजना परिषद में सलाहकार के पद पर थे। विकास वैभव वही अधिकारी हैं जिन्होंने 2015 में पटना के एसएसपी रहते हुए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार किया था।
विकास वैभव 2023 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उनका तत्कालीन डीजी शोभा अहोटकर के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद उन्हें लंबे समय तक वेटिंग में रखा गया था। अब सरकार ने उन्हें फिर से फील्ड में अहम जिम्मेदारी देकर सक्रिय भूमिका में लौटाया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में बड़ा बदलाव
IAS अधिकारियों के तबादले में मुख्यमंत्री सचिवालय सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव रहे कुमार रवि और डॉ. चंद्रशेखर सिंह को वहां से हटा दिया गया है। कुमार रवि को स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं डॉ. चंद्रशेखर सिंह को जल संसाधन विभाग भेजा गया है। हालांकि उनके पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव रहे लोकेश कुमार सिंह की मुख्यमंत्री सचिवालय में एंट्री हुई है। उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके पास पर्यटन और विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।
निशांत कुमार के विभाग में कुमार रवि की तैनाती
7 मई को हुए कैबिनेट विस्तार में पुर्व मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। अब उनके विभाग को संभालने के लिए सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी कुमार रवि को स्वास्थ्य विभाग का सचिव नियुक्त किया है। कुमार रवि को नीतीश कुमार का भरोसेमंद अधिकारी माना जाता है। ऐसे में उनकी यह पोस्टिंग राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों लिहाज से अहम मानी जा रही है।
EOU और साइबर यूनिट में बड़ा बदलाव
आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU में भी सरकार ने बड़ा फेरबदल किया है। नैयर हसनैन खान को EOU से हटाकर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस का ADG बनाया गया है। वहीं अमित कुमार जैन को आर्थिक अपराध इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अमृत राज को साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट का ADG बनाया गया है। इसके अलावा चर्चित अधिकारी अमित लोढ़ा को तकनीकी सेवाएं और संचार विभाग में भेजा गया है।
कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
1994 बैच के IPS अधिकारी डॉ. परेश सक्सेना को डायरेक्टर जनरल सह आयुक्त, असैनिक सुरक्षा बनाया गया है। निर्मल कुमार आजाद को डीजी ट्रेनिंग की जिम्मेदारी मिली है।
1996 बैच के प्रमांशु कुमार को कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक कंट्रोल का ADG बनाया गया है। डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे विभाग का ADG बनाया गया है।
अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। संजय सिंह को बजट, अपील एवं कल्याण विभाग का ADG बनाया गया है। साथ ही उन्हें सिक्योरिटी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
रंजीत कुमार मिश्रा को क्राइम इन्वेस्टिगेशन विभाग में IG बनाया गया है। उन्हें साइबर अपराध यूनिट का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं संजय कुमार को स्पेशल ब्रांच का IG बनाया गया है।
आनंद किशोर से हटाया गया वित्त विभाग
1996 बैच के IAS अधिकारी आनंद किशोर को वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से हटा दिया गया है। हालांकि वे बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी BSEB के अध्यक्ष बने रहेंगे। पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के ACS एचआर श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग भेजा गया है।
16 IPS अधिकारियों की पूरी सूची
| अधिकारी | नई जिम्मेदारी | |
|---|---|---|
| 1 | डॉ. परेश सक्सेना | डायरेक्टर जनरल सह आयुक्त, असैनिक सुरक्षा |
| 2 | निर्मल कुमार आजाद | DGP ट्रेनिंग |
| 3 | सुधांशु कुमार | ADG लॉ एंड ऑर्डर एवं ट्रैफिक कंट्रोल |
| 4 | अमित कुमार जैन | ADG, आर्थिक अपराध इकाई (EOU) |
| 5 | नैयर हसनैन खान | ADG, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस |
| 6 | डॉ. कमल किशोर सिंह | ADG रेलवे |
| 7 | अजिताभ कुमार | ADG, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण |
| 8 | संजय सिंह | ADG बजट, अपील एवं कल्याण |
| 9 | अमित लोढ़ा | ADG तकनीकी सेवाएं एवं संचार |
| 10 | अमृत राज | ADG साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट |
| 11 | कासे सुहिता अनुपम | ADG क्राइम इन्वेस्टिगेशन |
| 12 | विकास वैभव | IG मगध रेंज |
| 13 | क्षत्रनील सिंह | विशेष सचिव, स्पेशल ब्रांच |
| 14 | श्री पी. कन्नन | IG प्रोविजनिंग एवं आधुनिकीकरण |
| 15 | रंजीत कुमार मिश्रा | IG क्राइम इन्वेस्टिगेशन एवं साइबर यूनिट |
| 16 | संजय कुमार | IG स्पेशल ब्रांच |
12 IAS अधिकारियों की पूरी लिस्ट
| अधिकारी | नई जिम्मेदारी | |
|---|---|---|
| 1 | आनंद किशोर | चेयरमैन, BSEB |
| 2 | एचआर श्रीनिवास | ACS समाज कल्याण विभाग |
| 3 | संतोष कुमार मल्ल | प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग |
| 4 | लोकेश कुमार सिंह | सचिव, पर्यटन विभाग एवं CMO |
| 5 | कुंदन कुमार | स्थानीय आयुक्त, बिहार भवन |
| 6 | कुमार रवि | सचिव, स्वास्थ्य विभाग |
| 7 | संजय कुमार सिंह | सचिव, वित्त विभाग |
| 8 | अजय यादव | सचिव, ऊर्जा विभाग |
| 9 | प्रणव कुमार | सचिव, भवन निर्माण विभाग |
| 10 | मनोज कुमार सिंह | स्थानीय आयुक्त, बिहार भवन नई दिल्ली |
| 11 | चंद्रशेखर सिंह | सचिव, जल संसाधन विभाग |
| 12 | रजनीश कुमार सिंह | महानिरीक्षक कारा एवं सुधार सेवाएं |
जल संसाधन और ऊर्जा विभाग में भी बदलाव
जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल को आपदा प्रबंधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को बिहार भवन का स्थानीय आयुक्त बनाया गया है।
मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग के सचिव अजय यादव को ऊर्जा विभाग का सचिव बनाया गया है। कला संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार को भवन निर्माण विभाग भेजा गया है। उन्हें भवन निर्माण निगम का प्रभार भी दिया गया है। ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह को बिहार भवन, नई दिल्ली का स्थानीय आयुक्त बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications