बिहार के हर खेत तक पहुंचेगा सिंचाई का जल, नीतीश सरकार ने लगाया जोर, मंत्री संतोष कुमार सुमन ने दी अहम जानकारी
Bihar News: बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग मंत्री संतोष कुमार सुमन ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हर खेत तक सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराना है।
सूचना भवन के संवाद सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री सुमन ने लघु जल संसाधन विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 2019 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जल संकट से निपटने और भूजल संरक्षण के लिए जल-जीवन-हरियाली योजना की शुरुआत की थी, जिसके तहत 2025 तक हर खेत तक सिंचाई के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया है।

जल-जीवन-हरियाली अभियान ने गाड़ा सफलता का झंडा
कृषि में सिंचाई जल की अत्यंत आवश्यकता को देखते हुए, लघु जल संसाधन विभाग 2000 हेक्टेयर तक कमांड क्षेत्र वाली योजनाओं का कार्यान्वयन करता है। इसके तहत सतही सिंचाई और भूजल सिंचाई योजनाओं के माध्यम से जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है।
- लघु जल संसाधन विभाग मंत्री सुमन ने बताया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान और हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाएं पूरी की गई हैं।
- जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 2217 योजनाओं को पूरा किया गया है, जिससे 2,28,225 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता और 993 लाख घन मीटर जल संचयन क्षमता का पुनर्स्थापन हुआ है।
- हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम के तहत 765 योजनाओं को पूरा किया गया है, जिससे 1,12,086 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता का पुनर्स्थापन हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजनाओं के लिए बजट आवंटित
वित्तीय वर्ष 2024-25 में लघु जल संसाधन विभाग के विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु कुल 1026.87 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से लगभग 2,12,017 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता का पुनर्स्थापन होगा।
मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के तहत 35000 निजी नलकूपों के स्थापित
मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के तहत 35000 निजी नलकूपों के स्थापित होने से 1,75,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जाएगा। अब तक 10279 नलकूप स्थापित किए जा चुके हैं और किसानों को 33.52 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी इन योजनाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं की घोषणा की गई थी, जिनमें शामिल हैं:
- भागलपुर - फतेहपुर चेक डैम का निर्माण कार्य (चम्पा नदी के अपस्ट्रीम में गोडियारी नदी पर चेकडैम का निर्माण और सौंदर्यीकरण)
- औरंगाबाद - चॉद विगहा चेक डैम का निर्माण कार्य
- गया - लावाबार वियर आहर पईन योजना का निर्माण और बारा बॉध (लब्जी नदी) चेक डैम सिंचाई योजना का निर्माण कार्य
- नालन्दा - बरगाईन आहर पईन सिंचाई योजना का जीर्णोद्धार और नूरसराय के संगत पर से जलालपुर सरकारी स्कूल तक पईन में पक्का नाला का निर्माण कार्य
- कैमुर- रामपुर गांव बगही हेड से रामपुर पाली होते हुए नहर की सफाई
शासन की तरफ से बताया गया है कि इन योजनाओं का क्रियान्वयन शीघ्र कराया जाएगा। बहरहाल, बिहार सरकार जल संकट से निपटने और राज्य के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कदम उठा रही है। जल-जीवन-हरियाली योजना और हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम जैसे महत्वाकांक्षी अभियानों के माध्यम से सरकार ने सैकड़ों योजनाओं को पूरा किया है, जिससे कृषि भूमि की सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।












Click it and Unblock the Notifications