Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में बयानबाजी की बाढ़! अब तेजप्रताप यादव ने खेसारी लाल पर साधा निशाना
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राज्य की सियासत में बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही दिन बचे हैं, और इसी बीच महुआ से जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार और पार्टी प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने बयानों से नया सियासी माहौल बना दिया है। उन्होंने राजेडी़ उम्मीदवार खेसरी लाल यादव पर तंज कसा और NDA के 'संकल्प पत्र 2025' पर प्रतिक्रिया दी है।
31 अक्टूबर को NDA की ओर से जारी संकल्प पत्र पर तंज कसते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा,"यह चुनाव का मौसम है। देखते हैं क्या होता है।"

तेज प्रताप ने NDA के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब घोषणाओं और जुमलों से ऊब चुकी है, उसे विकास और रोजगार की हकीकत चाहिए। तेज प्रताप का बयान ऐसे समय आया है जब एनडीए और महागठबंधन दोनों अपने-अपने वादों और नीतियों को लेकर जनता के बीच प्रचार में जुटे हैं।
खेसारी लाल यादव पर क्या कहा?
तेज प्रताप यादव ने इस दौरान अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव की पार्टी राजद (RJD) पर भी निशाना साधा। राजद उम्मीदवार और भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के "2 करोड़ नौकरियों" के वादे पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "खेसारी लाल कौन सी नौकरी देंगे? नाचने वाला?"
तेज प्रताप की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। कई लोग इसे व्यक्तिगत टिप्पणी बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे चुनावी व्यंग्य के रूप में देख रहे हैं।
भाजपा ने भी कसा था तंज
गौरतलब है कि इससे पहले बीजेपी नेताओं ने भी खेसारी लाल यादव की उम्मीदवारी पर कटाक्ष किया था। पार्टी प्रवक्ताओं ने उन्हें "नचनिया उम्मीदवार" कहते हुए दावा किया था कि "राजनीति गंभीर काम है, यह मनोरंजन का मंच नहीं।" खेसारी लाल यादव ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि "भोजपुरी कलाकार भी बिहार की मिट्टी से जुड़े हैं, और जनता उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाएगी।"
बिहार चुनाव में बढ़ी सरगर्मी
तेज प्रताप यादव की यह टिप्पणी बिहार चुनाव में एक नया मोड़ लेकर आई है। एक ओर एनडीए अपने "पंचामृत गारंटी" और विकास के वादों पर जनता को लुभाने में जुटा है, तो दूसरी ओर विपक्षी दलों के बीच तीखी बयानबाजी माहौल को और गरमा रही है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications