Bihar Election 2025: इस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी पुष्पम प्रिया, बताई इसके पीछे की खास वजह
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले द प्लूरल्स पार्टी की प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी ने राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने साफ किया कि इस बार वे दरभंगा सीट से चुनाव लड़ेंगी और इसके पीछे उनकी एक भावनात्मक और रणनीतिक वजह है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की है।
पुष्पम प्रिया ने कहा, "दरभंगा, जो देवी सीता के मिथिला की सांस्कृतिक राजधानी है, यही मेरी मातृभूमि, पितृभूमि, जन्मभूमि और शिक्षाभूमि रही है। अब अपनी कर्मभूमि बिहार की सेवा आजीवन दरभंगा से ही करना मेरे लिए अपने पितृऋण को चुकाने के समान है। यही धर्म, यही ड्यूटी, यही बचपन का प्रेम।"

कौन हैं पुष्पम प्रिया चौधरी?
पुष्पम प्रिया चौधरी ने 2020 में भी बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाईं। अब 2025 के चुनाव में उनकी सक्रियता फिर से चर्चा में है। पुष्पम प्रिया का जन्म दरभंगा में हुआ और वे जेडीयू नेता व पूर्व MLC विनोद चौधरी की बेटी हैं।
उन्होंने अपनी पढ़ाई लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से पूरी की और वहां से मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री हासिल की। उन्होंने 8 मार्च 2020 को अपनी पार्टी प्लूरल्स की घोषणा की और खुद को बिहार के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था।
क्या है उनका राजनीतिक एजेंडा
पुष्पम प्रिया का कहना है कि उनका मकसद बिहार की आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था को बदलना है। उनका लक्ष्य है कि बिहार को देश का सबसे विकसित राज्य बनाया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दरभंगा से चुनाव लड़कर वे अपनी कर्मभूमि में सेवा करना चाहती हैं और पितृऋण चुकाना चाहती हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पुष्पम प्रिया का दरभंगा से चुनाव लड़ना सांस्कृतिक और भावनात्मक जोड़ के साथ-साथ चुनावी रणनीति का हिस्सा भी है। उनका यह कदम युवाओं और मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए एक सशक्त संदेश भी माना जा रहा है।
पुष्पम प्रिया की सक्रियता और उनके विकास वाले एजेंडे के कारण 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका चर्चा का विषय बनी हुई है। अब देखना होगा कि क्या दरभंगा की जनता उनके इस सशक्त अभियान और विकास की दृष्टि को समर्थन देती है।












Click it and Unblock the Notifications