बिहार चुनाव से पहले बड़ा दांव! PM मोदी की मोतिहारी रैली में तोहफों की लगेगी झड़ी, किन सीटों पर है खास नजर?
Bihar Election 2025 (PM Modi Motihari Visit): बिहार में चुनावी बिगुल बज चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मोतिहारी के दौरे पर रहेंगे। आज यानी 18 जुलाई को पीएम मोदी पूर्वी चंपारण की धरती से एक बार फिर बिहार को करोड़ों की योजनाओं की सौगात देंगे और एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
यह पीएम नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 53वां बिहार दौरा है और इस बार भी निशाना साफ है -पूर्वी चंपारण की 12 सीटों से लेकर आसपास के करीब तीन दर्जन विधानसभा क्षेत्रों तक एनडीए की पकड़ मजबूत करना। आइए समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर क्यों खास है पीएम मोदी का मोतिहारी दौरा।

पीएम मोदी की यह मोतिहारी रैली केवल योजनाओं की घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बिहार की चुनावी रणनीति का सबसे बड़ा दांव साबित हो सकती है। 53वें दौरे में पीएम मोदी ना सिर्फ विकास की बात करेंगे, बल्कि उन 'वोट की वेदियों' को भी साधेंगे जहां एनडीए को वापसी का इंतजार है।
PM Modi Bihar Visit: क्यों खास है मोतिहारी का चयन?
पूर्वी चंपारण, जो नेपाल सीमा से सटा है, सियासी लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। यहां से सटे सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों को भी इस रैली के जरिए साधने की कोशिश की जा रही है। यही वजह है कि इस रैली में 24 विधानसभा क्षेत्रों से जनता के जुटने का लक्ष्य रखा गया है।
पीएम मोदी मोतिहारी की जनता को क्या-क्या देंगे सौगात
इस दौरे पर पीएम मोदी लगभग ₹7196 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें प्रमुख हैं
- रेलवे प्रोजेक्ट्स: ₹5398 करोड़ की योजनाएं
- सड़क व परिवहन: ₹1173 करोड़ की परियोजनाएं
- इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी: ₹63 करोड़ की योजनाएं
- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण): ₹162 करोड़ की धनराशि 40 हजार लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर
- स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन: ₹400 करोड़ की सहायता 61,500 समूहों को
- 12 हजार परिवारों को गृह प्रवेश का तोहफा
इन 3 सीटों पर है भाजपा की खास नजर
इस बार पीएम मोदी की नजर उन तीन सीटों पर खासतौर पर टिकी है, जहां पिछली बार एनडीए को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। जैसे कल्याणपुर, सुगौली और नरकटिया।
- कल्याणपुर: बीजेपी प्रत्याशी सचिंद्र नाथ, आरजेडी से 1200 वोटों से हारे थे
- सुगौली: वीआईपी के रामचंद्र सहनी को आरजेडी ने लगभग 4000 वोट से हराया
- नरकटिया: जेडीयू उम्मीदवार श्याम बिसरी प्रसाद को आरजेडी के शमीम अहमद ने हराया
लगातार हो रहे हैं पीएम के बिहार दौरे
पिछले कुछ महीनों से पीएम मोदी बिहार पर पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
फरवरी में उन्होंने बिहार का दौरा किया, उसके बाद 24 अप्रैल को मधुबनी, 29-30 मई को पटना और शाहाबाद, 20 जून को सीवान में जनसभाएं कीं और अब 18 जुलाई को पूर्वी चंपारण में रैली करेंगे।
एनडीए की स्थिति और चुनावी रणनीति
2020 के विधानसभा चुनाव में पूर्वी चंपारण की 12 सीटों में से 9 सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल की थी (8 बीजेपी, 1 जेडीयू)। आरजेडी के खाते में 3 सीटें गई थीं। पास के जिलों में भी एनडीए ने बहुमत हासिल जरूर किया था, लेकिन टक्कर कड़ी थी। एनडीए अब अपने पिछले प्रदर्शन को न सिर्फ दोहराना चाहता है, बल्कि उन सीटों पर भी जीत दर्ज करना चाहता है जहां पिछली बार मात खानी पड़ी थी।
माहौल बनाने को बीजेपी ने झोंकी ताकत
पीएम मोदी की इस रैली को लेकर बीजेपी ने पूरे जिले में प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। प्रचार वाहनों से लेकर वॉल पेंटिंग और सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए जनता को रैली से जोड़ने की तैयारी पूरी है। इस बार पार्टी की रणनीति स्पष्ट है -प्रधानमंत्री की लोकप्रियता को जमीन पर वोट में बदलना।












Click it and Unblock the Notifications