Bihar Chunav: पहले फेज में 423 उम्मीदवार क्रिमिनल! हर तीसरे नेता पर केस दर्ज, कौन-कौन है अपराध के घेरे में?
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण अब बस कुछ ही घंटों की दूरी पर है। 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग होनी है और राज्य में सियासी माहौल अपने चरम पर है। लेकिन इस बार के चुनाव में एक चिंताजनक पहलू भी सामने आया है। चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों में बड़ी संख्या ऐसे चेहरों की है, जिन पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हर तीसरे उम्मीदवार के खिलाफ मामला दर्ज
राज्य की 121 सीटों के लिए कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 423 प्रत्याशियों (32%) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 354 उम्मीदवार (27%) तो ऐसे हैं जो गंभीर अपराधों के आरोपी हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, महिलाओं के खिलाफ अपराध, अपहरण और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 2 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन पर रेप के मामले दर्ज हैं।

CPI ML के 93%, RJD के 76% और BJP के 65% प्रत्याशी ऐसे हैं जिनका क्रिमिनल रिकॉर्ड है। यही नहीं, 117 निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी आपराधिक मामले चल रहे हैं। साफ है कि दल कोई भी हो, दागदार चेहरों की मौजूदगी लगभग हर पार्टी में है।
पहले चरण में 18 जिलों में पड़ेगा वोट
पहले चरण की वोटिंग बिहार के 18 जिलों में होनी है, जिनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और नालंदा जैसे राजनीतिक रूप से अहम जिले शामिल हैं। दरभंगा, पटना और मुंगेर डिवीजन की सीटों को इस बार भी चुनावी नतीजों का "गेमचेंजर" माना जा रहा है।
3.75 करोड़ मतदाता, 45 हजार से ज्यादा बूथ
पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 45,341 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और चुनावी कर्मी तैनात किए जा चुके हैं। बैलेट यूनिट में उम्मीदवारों की फोटो और नाम वाले बैलेट पेपर लगाए गए हैं, ताकि मतदाता सही प्रत्याशी को पहचानकर वोट डाल सकें।
कौन किस सीट से मैदान में
- पहले चरण में कुल 1314 उम्मीदवार हैं।
- NDA की ओर से - JDU ने 57, BJP ने 48, LJP (रामविलास) ने 13, RLM ने 2 और HAM ने 1 प्रत्याशी उतारा है।
- महागठबंधन की ओर से - RJD ने 72, कांग्रेस ने 24, CPI ML ने 14, CPI और VIP ने 6-6, जबकि CPM ने 3 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
इसके अलावा इन सीटों पर फ्रेंडली फाइट भी देखने को मिलेगी।
- वैशाली : राजद (अजय कुमार कुशवाहा) / कांग्रेस (संजीव सिंह)
- बछवाड़ा : सीपीआई (अबधेश कुमार राय) / कांग्रेस (शिवप्रकाश गरीब दास)
- राजापाकर : कांग्रेस (प्रतिमा दास) / सीपीआई (मोहित पासवान)
- बिहारशरीफ : कांग्रेस (ओमैर खान) / सीपीआई (शिव कुमार यादव)
- बेलदौर : कांग्रेस (मिथिलेश कुमार निषाद)/आईआईपी (तनिशा भारती)
महिलाओं की भागीदारी सिर्फ 9%
पहले चरण में कुल 122 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं, जो कुल प्रत्याशियों का केवल 9% हिस्सा हैं। यानी अब भी बिहार की राजनीति में महिला प्रतिनिधित्व बेहद कम है।
एनडीए ने 34 और महागठबंधन ने 30 महिलाओं को टिकट दिया है। भोजपुरी सिंगर मैथिली ठाकुर भाजपा के टिकट पर अलीनगर से मैदान में हैं, जबकि सुपरस्टार खेसारी लाल यादव राजद प्रत्याशी के रूप में छपरा से चुनाव लड़ रहे हैं।
बिहार चुनाव का पहला चरण न केवल वोटिंग का उत्सव है, बल्कि राजनीति के चरित्र का आईना भी है। आंकड़े बताते हैं कि अपराध के दाग से पूरी तरह मुक्त राजनीति का सपना अभी दूर है। लेकिन जनता के पास मौका है कि वो तय करे सत्ता की चाबी किसके हाथ में जाए।












Click it and Unblock the Notifications