Bihar Chunav: महागठबंधन को लेकर लालू यादव आत्मविश्वास से भरे, बोले-14 नवंबर को तेजस्वी की ताजपोशी तय
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरणों में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरम हो चुका है। सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी महागठबंधन दोनों ही ओर से बयानबाज़ी तेज़ होती जा रही है। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने एक बड़ा राजनीतिक दावा किया है।
उन्होंने कहा है कि इस बार बिहार में सत्ता परिवर्तन तय है और महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। लालू यादव ने यह भी स्पष्ट कहा कि उनके बेटे और राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) आगामी मुख्यमंत्री होंगे। लालू के इस बयान ने चुनावी सियासत में नया जोश भर दिया है और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

लालू यादव बोले - "जनता ने तय कर लिया बदलाव"
एएनआई से बातचीत में लालू यादव ने कहा, "इस बार तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। 14 नवंबर को सरकार बदल जाएगी। चुनाव प्रचार बहुत अच्छा चल रहा है। पूरे राज्य में लोगों का समर्थन मिल रहा है और महागठबंधन भारी बहुमत से जीतने जा रहा है।"
राजद प्रमुख ने कहा कि स्थानीय नेता जमीन पर मेहनत कर रहे हैं और जनता बदलाव के मूड में है। लोगों का जोश साफ बता रहा है कि अबकी बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
गौरतलब है कि, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव वैशाली जिले की राघोपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला एनडीए उम्मीदवार सतीश कुमार (भाजपा) और जन सुराज पार्टी के चंचल कुमार से है।
मोदी के 'कट्टा' बयान पर तेजस्वी का पलटवार
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया "कट्टा" बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पीएम जब गुजरात जाते हैं तो "फैक्ट्री लगाने" की बात करते हैं, लेकिन बिहार में "बंदूक" की बात करते हैं। तेजस्वी ने कहा, हम ऐसी भाषा में विश्वास नहीं करते। प्रधानमंत्री को जनता के मुद्दों पर बोलना चाहिए - बेरोज़गारी, शिक्षा और विकास पर, लेकिन वे सिर्फ नकारात्मक बातें करते हैं।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुपस्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पटना रोड शो से नीतीश का गायब रहना हैरान करने वाला नहीं है, क्योंकि "सबको पता है कि बीजेपी अब नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।"
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में - 6 और 11 नवंबर को होंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी, जिस दिन लालू यादव के मुताबिक "सरकार बदल जाएगी"।












Click it and Unblock the Notifications