नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की जताई इच्छा, बोले- देखिए यहां से कब मिलेगी मुक्ति
पटना, मार्च 30। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में जाने की इच्छा जाहिर की है। एक अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा है कि एकबार वो भी राज्यसभा जाना चाहते हैं। बुधवार को नीतीश कुमार विधानसभा में पत्रकारों से अनौपचारिक रूप से बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि अब तक वह राज्यसभा के सदस्य नहीं बने हैं, इसलिए एकबार राज्यसभा जाने की इच्छा है। इस दौरान नीतीश ने यह भी कहा कि देखिए यहां (मुख्यमंत्री पद) से मुक्ति कब मिलेगी?

16 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं नीतीश कुमार
आपको बता दें कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो वो बिहार के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों लालू प्रसाद यादव और सुशील मोदी की बराबरी कर लेंगे, जो मुख्यमंत्री के अलावा संसद के किसी सदन के सदस्य रहे हैं। आपको बता दें कि नीतीश कुमार बिहार के 16 साल से मुख्यमंत्री हैं और ऐसा माना जा रहा है कि बीजेपी अब उन्हें उपराष्ट्रपति बना सकती है, क्योंकि आने वाले दिनों में वेंकैया नायडू का कार्यकाल खत्म होने वाला है।
नालंदा से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे नीतीश?
नीतीश कुमार से जब पूछा गया कि क्या वो आने वाले चुनाव में नालंदा से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं तो उन्होंने कहा कि ऐसा अभी कुछ नहीं है। मैं नालंदा में जगह-जगह का दौरा करता रहता हूं। 2019 में मेरा नालंदा का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन पिछले 2 साल कोरोना में निकल गए, जिसकी वजह से वो दौरा पूरा नहीं हो पाया था, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि क्या वो राज्यसभा जाएंगे तो उन्होंने कहा कि इच्छा तो मेरी है, लेकिन फिलहाल जो जिम्मेदारी है, उसे निभाना है।












Click it and Unblock the Notifications