'कृषि कानून लाने और निरस्त करने का फैसला PM का है, हम क्या बोले इसपर...', CM नीतीश ने साधी चुप्पी
'कृषि कानून लाने और निरस्त करने का फैसला PM का है, हम क्या बोले इसपर...', CM नीतीश ने साधी चुप्पी
पटना, 20 नवंबर: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार (19 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को वापस लेने की आश्चर्यजनक घोषणा पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार ने पहले तीन कृषि कानूनों का विरोध करने वाले किसानों को बातचीत में शामिल करने की वकालत की थी लेकिन अब पीएम मोदी के कृषि कानून निरस्त करने के फैसले पर चुप्पी साध ली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि कानून लाने और निरस्त करने, ये दोनों फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है, इसपर वह क्या बोले। यहां कोई प्रतिक्रिया नहीं हो सकती है।
Recommended Video

'ये फैसला पीएम का है, इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं हो सकती है'
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लौटने पर पटना हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में कहा, ''केंद्र सरकार ने संसद में कृषि कानूनों को मंजूरी दी। यह पीएम (नरेंद्र मोदी) का फैसला था। अब उन्होंने खुद घोषणा की है कि उन्हें संसद के अगले सत्र में निरस्त कर दिया जाएगा, पीएम ने इसे बहुत स्पष्ट रूप से समझाया। निर्णय उनका है, इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं हो सकती है।''

'बिहार में किसानों पर कोई असर नहीं पड़ा...'
पीएम नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के संबोधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमाप के 'नो कमेंट' के दृष्टिकोण को उन विवादास्पद कानूनों से खुद को दूर करने के प्रयास के तौरा पर देखा गया है। कृषि कानूनों का नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने समर्थन किया था। हालांकि नीतीश कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि तीन कृषि कानूनों के विवाद का बिहार में किसानों पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि राज्य ने एक दशक से भी अधिक समय पहले कृषि उपज बाजार समितियों (एपीएमसी) को हटा दिया था और एक वैकल्पिक प्रणाली स्थापित की थी।

तीन कृषि कानून को लेकर क्या था CM नीतीश का स्टैंड
सत्तारूढ़ गठबंधन में कई अन्य लोगों की तरह सीएम नीतीश कुमार ने भी तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन विरोध को "गलतफहमी" कहा था। उन्होंने गलतफहमी को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्र से किसानों को उनकी आशंकाओं को दूर करने के लिए बातचीत में शामिल करने के लिए कहा था। जनवरी 2021 में आखिरी बार सुप्रीम कोर्ट द्वारा विवादास्पद कृषि कानूनों के कार्यान्वयन पर रोक लगाने के बाद, कुल मिलाकर केंद्र और कृषि संघ के नेताओं ने 11 दौर की चर्चा की थी। लेकिन इसमें कोई हल नहीं निकला था। 8 फरवरी 2020 को नीतीश कुमार ने मीडिया से कहा था कि केंद्र सरकार किसानों को नए कानूनों के लाभों के बारे में स्पष्ट करे, तो ही बात बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications