Bihar Chunav: कांग्रेस-RJD कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव? सीट शेयरिंग से उम्मीदवारी तक, बैठक में सब होगा फाइनल
Bihar Chunav 2025 (Mahagathbandhan Seat Sharing): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे महागठबंधन (INDIA Bloc) के भीतर सीट बंटवारे को लेकर सियासत गरमा गई है। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास आज (09 सितंबर) शाम अहम बैठक हो रही है। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और कई वरिष्ठ नेताओं ने सीट शेयरिंग और संभावित उम्मीदवारों पर मंथन किया जा रहा है।
बैठक में सीट शेयरिंग से उम्मीदवारी तक पर बात की जाएगी। कांग्रेस, RJD, जेएमएम और अन्य सहयोगी पार्टियों को कितनी सीटें दी जानी है, इस बैठक में सब फाइनल होने की संभावना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने साफ कहा कि सीटों पर चर्चा INDIA गठबंधन स्तर पर हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस अपने नेताओं से मार्गदर्शन लेकर ही रणनीति बनाएगी। वहीं, प्रभारी अल्लावरू ने दोहराया कि "हर साथी दल का सम्मान होना चाहिए और कांग्रेस इसी दिशा में काम करेगी।" 10 सितंबर को भी कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होनी है।

कांग्रेस की मांग, 60-70 सीटें, RJD नहीं देना चाहती 50 से ज्यादा
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की मांग करीब 60 सीटों की है, जबकि आरजेडी उसे 50 सीटों पर सीमित रखना चाहती है। पिछली बार कांग्रेस ने 70 सीटों पर लड़कर सिर्फ 19 जीती थीं, इसलिए इस बार दबाव बढ़ा है। वीआईपी, सीपीआई(एमएल) और अन्य सहयोगी दलों की बढ़ी मांग के चलते कांग्रेस के हिस्से में सीटें कम हो सकती हैं।
हाल ही में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा ने कांग्रेस को नया आत्मविश्वास दिया था। यात्रा में तेजस्वी यादव भी शामिल हुए, लेकिन सारा क्रेडिट कांग्रेस और राहुल गांधी के खाते में गया। यही वजह है कि कांग्रेस ज्यादा सीटों पर दावेदारी कर रही है।
गठबंधन सूत्रों का कहना है कि RJD लगभग 140 सीटों पर लड़ना चाहती है, वाम दल 30 से ज्यादा और वीआईपी 25 सीटें मांग रहे हैं। जेएमएम और पशुपति पारस की पार्टी को भी समायोजित किया जाएगा। ऐसे में कांग्रेस को फिलहाल 50 सीटें ही मिलती दिख रही हैं।
अब सबकी निगाहें 10 सितंबर पर टिकी हैं, जब कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी करीब दो दर्जन संभावित उम्मीदवारों पर मुहर लगाएगी। बड़ा सवाल यही है-क्या आरजेडी झुकेगी और कांग्रेस को मनमाफिक सीटें मिलेंगी, या फिर महागठबंधन में अंदरूनी खींचतान तेज होगी?
महागठबंधन सीट शेयरिंग की संभावित तस्वीर (Bihar Election: RJD, Congress Seat Sharing)
- RJD को लगभग 136 सीटें मिल सकती हैं - जो कि उनकी सबसे बड़ी हिस्सेदारी होगी।
- कांग्रेस को 52 सीटों की संभावना है।
- वाम दल (CPI-ML, CPI, CPM) को मिल सकती हैं 31-33 सीटें
- VIP (मुकेश सहनी) को 20-22 सीटें मिल सकती हैं
- RLJP (पशुपति पारस) को 5-7 सीटें आवंटित की जा सकती हैं
- JMM (हेमंत सोरेन) को 2-3 सीटें मिलने की उम्मीद है
इस फॉर्मूले ने INDIA ब्लॉक की शुरुआती चर्चा को आकार दिया है, जिसमें अब तक की बातचीत से लगभग रूपरेखा तय मानी जा रही है।
सीट बंटवारे को लेकर RJD और कांग्रेस के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। यूथ और दलित वोटों पर जोर के साथ, गठबंधन एक सशक्त और व्यापक विकल्प की तैयारी में है।












Click it and Unblock the Notifications