Bihar Chunav: महागठबंधन में सीट शेयर का फॉर्मूला तय, जानें कब होगा ऐलान और किस पार्टी को मिलेगी कितनी सीटें?
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अब कभी भी हो सकता है। सभी प्रमुख पार्टियां पूरी तरह से चुनावी मोड में नजर आ रही हैं। एनडीए और महागठबंधन दोनों में सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन के सभी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अंतिम सहमति बन गई है। सीट शेयरिंग का ऐलान बुधवार को किया जा सकता है। तेजस्वी यादव के घर पर हुई हाई प्रोफाइल बैठक के बाद अंतिम सहमति बन गई है।
महागठबंधन के सामने इस चुनाव में एनडीए को हराकर सत्ता में वापसी करने की चुनौती है। इस बार प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज भी मैदान में है और मामला त्रिकोणीय हो गया है। जनसुराज के वोट बैंक में सेंध लगाने की आशंका एनडीए और आरजेडी दोनों को ही है। तेज प्रताप यादव भी अपनी पार्टी बनाकर मैदान में हैं और तेजस्वी यादव की मुश्किलें और बढ़ा सकते हैं।

Mahagathbandhan में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय
रविवार को तेजस्वी यादव के आवास पर हुई अहम बैठक के बाद मुकेश सहनी ने कहा कि सभी चीजें तय हो गई हैं और हम बहुत मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डिटेल में सारी जानकारी दी जाएगी। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इस बार भी आरजेडी 140 के करीब सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस को 60 सीटें मिल सकती हैं। बची हुई 243 सीटों में ही लेफ्ट, जेएमएम समेत दूसरी छोटी पार्टियों को निपटाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव ने सरेआम खोला राज! बताया BJP से कौन-सी एक चीज सीखने लायक
विधानसभा चुनाव 2020 में ऐसी थी स्थिति
2020 के विधानसभा चुनावों की बात करें, तो राजद ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 75 पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन सिर्फ 19 पर ही जीत हासिल की। बहुत से राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस के खराब स्ट्राइक रेट की वजह से महागठबंधन मामूली अंतर से बहुमत से दूर हो गई थी। वाम दलों ने में सीपीआई-एमएल ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था और12 पर जीत हासिल की थी। सीपीएम ने 4 में से 2 और सीपीआई ने 6 में से 2 सीटें जीती थीं।
इस बार तीन और पार्टियां भी महागठबंधन में शामिल हुई हैं। इसमें मुकेश सहनी की विकासशील इन्सान पार्टी, जेएमएम और चिराग के चाचा पशुपति पारस के नेतृत्व वाली एलजेपी है। इन सभी पार्टियों को समायोजित करना बड़ी चुनौती है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav 2025: 243 सीटों पर सुझाव पेटियां, लाखों राय… BJP के जनसंपर्क अभियान से वाकई बदलेगा सियासी खेल?
Bihar Chunav में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय ही माना जा रहा है। एनडीए (बीजेपी+जेडीयू+एलजेपी (रामविलास)+हम और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम) और महागठबंधन (आरजेडी+कांग्रेस+लेफ्ट पार्टियां+मुकेश सहनी+एलजेपी+जेएमएम) के अलावा जनसुराज भी मैदान में है। इसके अलावा सीमांचल के मुस्लिम बहुल क्षेत्र में असुद्दीन ओवैसी भी मैदान में हैं।
आम आदमी पार्टी और बीएसपी ने भी अपने उम्मीदवारों को उतारने का ऐलान कर दिया है। कुल मिलाकर बिहार विधानसभा चुनाव इस बार काफी रोमांचक रहने वाला है। सीमांचल में ओवैसी फैक्टर पर नजर रहेगी तो जनसुराज के उम्मीदवार कहां किसका वोट काटते हैं, इसका स्पष्ट आकलन चुनाव नतीजों के बाद ही किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025 Date: बिहार चुनाव की तारीखों का आज शाम 4 बजे ऐलान! 2 फेज में वोटिंग, हर लेटेस्ट अपडेट












Click it and Unblock the Notifications