Bihar Chunav: चुनाव से पहले RJD और तेजस्वी यादव को लगा झटका, नवादा और रजौली के विधायकों ने दिया इस्तीफा
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। नवादा जिले की दो अहम सीटों नवादा और रजौली (सुरक्षित) से मौजूदा विधायक विभा देवी और प्रकाश वीर ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने शनिवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया, जिसे विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने स्वीकार भी कर लिया है। खबर है कि दोनों जेडीयू में शामिल हो सकते हैं। लंबे समय से दोनों ही पार्टी में अनदेखी किए जाने का दावा कर रहे थे।
इन दोनों विधायकों के इस्तीफे से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विभा देवी और प्रकाश वीर जल्द ही जनता दल यूनाइटेड (JDU) का दामन थाम सकते हैं। दोनों की ही जेडीयू के शीर्ष नेताओं से बातचीत हुई है और उनका टिकट तय है। आरजेडी इस बार इन दोनों को टिकट देने के मूड में नहीं थी।

RJD के लिए चुनाव से पहले बड़ा झटका
यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। दोनों विधायकों का पार्टी छोड़ने का असर क्षेत्र में आरजेडी के वोट बैंक पर भी पड़ सकता है। विभा देवी नवादा विधानसभा सीट से लगातार सक्रिय थीं और उनका जनाधार मजबूत माना जाता था। वहीं, प्रकाश वीर रजौली (सु.) से विधायक थे और उन्होंने पिछली बार चुनावी जीत के लिहाज से अच्छा प्रदर्शन किया था। पिछले कुछ समय से दोनों पार्टी में साइडलाइन किए जाने का दावा कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: चुनाव आयोग पर बरसे ओवैसी, महागठबंधन को दी चेतावनी - 'हम अपना रास्ता खुद तय करेंगे'
Tejashwi Yadav ने टिकट नहीं देने का किया था इशारा
दूसरी ओर आरजेडी नेतृ्त्व का कहना है कि दोनों पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। हालांकि, अब यह देखना होगा कि इस सीट से इस बार किसे कैंडिडेट बनाया जाता है। महागठबंधन में यह सीट फिर से आरजेडी के खाते में ही जाने की उम्मीद की जा रही है। तेजस्वी यादव ने भी दोनों विधायकों पर तल्ख टिप्पणी की थी।
Bihar Chunav से पहले नेताओं के दल-बदल का दौर जारी
बिहार में चुनाव नजदीक आते ही दल-बदल की राजनीति ने रफ्तार पकड़ ली है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में और भी कई नेता अपने राजनीतिक ठिकाने बदल सकते हैं। जेडीयू की ओर से भी ऐसे विधायकों को पार्टी में शामिल करने की रणनीति बनाई जा रही है जो अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं। बीजेपी और जेडीयू के जिन विधायकों का टिकट कटने वाला है, उन्होंने भी अपने लिए संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। उनमें से कुछ महागठबंधन में शामिल होने के लिए जोर लगा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav 2025:पार्टी बदलने की परंपरा का बनेगा नया रिकॉर्ड!, लंबे समय से मेहनत करने वाले कार्यकर्ता हताश












Click it and Unblock the Notifications