Bihar Chunav: हो गया खुलासा तेज प्रताप यादव किस पार्टी से लड़ेंगे चुनाव? नए दल को दी चुनाव आयोग ने मान्यता
Bihar Chunav 2025 (Tej Pratap Yadav): बिहार की राजनीति में एक बड़ा मोड़ आ गया है। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल से चुनावी मैदान में उतरेंगे। सोमवार (18 अगस्त) को इस पार्टी को चुनाव आयोग से आधिकारिक मान्यता मिल गई।
तेज प्रताप के करीबी बालेंद्र दास ने 2024 में जनशक्ति जनता दल की नींव रखी थी और लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। तब पार्टी का चुनाव चिन्ह बांसुरी था। अध्यक्ष की जिम्मेदारी बालेंद्र दास के पास और राष्ट्रीय महासचिव की कमान प्रशांत प्रताप को दी गई थी। अब चुनाव आयोग से मान्यता मिलने के बाद यह पार्टी पूरी तरह से तेज प्रताप के नाम पर रजिस्टर हो चुकी है।

सोमवार को खुद तेज प्रताप यादव चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे और अधिकारियों से करीब 30 मिनट तक बातचीत की। ऐसे में ये साफ हो गया है कि तेज प्रताप इसी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। तेज प्रताप फिलहाल हसनपुर सीट से विधायक हैं।
तेज प्रताप लड़ेंगे महुआ से चुनाव
26 जुलाई को तेज प्रताप ने महुआ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि "टीम तेज प्रताप" युवाओं को राजनीति में मौका देने का प्लेटफॉर्म बनेगी।
तेज प्रताप का बयान था- "चाचा (नीतीश कुमार) इस बार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। जो युवा रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य की बात करेगा, वही सत्ता में आएगा।" महुआ सीट पर फिलहाल राजद के मुकेश कुमार विधायक हैं। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू की आशमा परवीन को हराया था।
लालू ने किया था पार्टी-परिवार से बाहर
25 मई को लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को RJD और परिवार दोनों से निकाल दिया था। लालू ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि तेज प्रताप का "गैर-जिम्मेदाराना आचरण और नैतिक मूल्यों की अनदेखी" पार्टी और परिवार की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। इसलिए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जा रहा है।
इसके बाद 19 जून को तेज प्रताप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा था- "मेरी खामोशी को कमजोरी न समझो, साजिश का अंत मैं करूंगा। मेरा भविष्य मेरी जनता और सर्वोच्च न्यायालय तय करेगा, कोई दल या परिवार नहीं।"
सोशल मीडिया पर दूरी
लालू के बड़े बेटे ने X (ट्विटर) पर भी बड़ा कदम उठाया। उन्होंने RJD के ऑफिशियल अकाउंट के साथ-साथ अपनी बहनों मीसा भारती, राज लक्ष्मी यादव, हेमा यादव और परिवार के कई अन्य सदस्यों को अनफॉलो कर दिया। इस कदम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी।
तेज प्रताप की निजी जीवन पर भी सुर्खियां
तेज प्रताप यादव का नाम हाल ही में अनुष्का यादव के साथ भी जुड़ा। 24 मई को दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद 30 जून को तेज प्रताप बाइक से अनुष्का के घर पहुंचे और करीब 7 घंटे वहीं रहे।
तेज प्रताप ने खुद माना कि तस्वीरें और पोस्ट उन्हीं के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किए गए थे। उनका कहना था-"प्यार किया तो किया, इसमें कोई गलती नहीं। प्रेम की कीमत चुकानी पड़ती है। जनता मुझे दिल से निकाल नहीं सकती।"
पारिवारिक विवाद और निजी जीवन की चर्चाओं के बीच अब तेज प्रताप यादव ने अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर दी है। महुआ से चुनाव लड़ने का उनका ऐलान और जनशक्ति जनता दल को मिली मान्यता ने बिहार की राजनीति में नया समीकरण खड़ा कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications