Video: लालू यादव का असली वारिस मैं हूं! –तेजस्वी पर गरजे तेज प्रताप, पिता को लेकर लगाए गंभीर आरोप
Tej Pratap Yadav VS Tejashwi Yadav (Bihar Chunav 2025): बिहार की सियासत में एक बार फिर से गरमाहट आ गई है। तेज प्रताप यादव ने को मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा विधानसभा के बोरवारा गांव में एक जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत की, जहां उन्हें सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान तेज प्रताप ने मंच से जमकर शब्दबाण चलाए और कई राजनीतिक दलों के साथ-साथ राजद (RJD) और तेजस्वी यादव पर भी खुलकर हमला बोला।
तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। तेज प्रताप ने बिना नाम लिए आरोप लगाया कि तेजस्वी ने पार्टी के पोस्टरों से लालू यादव की तस्वीर हटाकर सिर्फ अपनी फोटो लगवाई। उन्होंने इसे 'राजनीतिक धोखा' बताते हुए कहा कि सालों तक उन्हें पार्टी में बंधक बनाकर रखा गया।

जनता को संबोधित करते हुए तेज प्रताप ने खुली चुनौती दी, "लालू यादव का असली वारिस वही है जो उनके विचारों और संघर्ष की असली समझ रखता है, और वो मैं हूं।" तेज प्रताप के इस बयान से साफ है कि अब आरजेडी में सत्ता की लड़ाई खुलकर सामने आ चुकी है। तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि वह अब चुप रहने वालों में नहीं हैं, और बिहार की राजनीति में सच्चाई का चेहरा सामने लाकर ही दम लेंगे।
तेज प्रताप ने कहा- मेरे पिता ही मेरे राजनीतिक गुरु हैं
तेज प्रताप बोले,
''पार्टी से हमको बाहर किया, तो उन सबको समझ में आ गया था कि दूसरा लालू यादव, तेज प्रताप यादव पैदा हो गया है। इसलिए मैं उन लोगों की आंखों में खटकने लगा। बहुत तरीके के लोग इसमें लगे हुए हैं और अपना-अपना पापड़ बेल रहा रहे हैं। जब शुरुआत में पिता जी पढ़ाई-लिखाई किए...उस वक्त हम लोग पैदा भी नहीं हुए थे। 28 साल बाद फिर उसी कॉलेज में, जिस कॉलेज में हमारे पिता जी पढ़ते थे, बीएन कॉलेज में, उसी में हमने अपना एडमिशन करवाया। वो इसलिए क्योंकि मैं उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानता हूं।''
तेज प्रताप बोले- हमको बीच में आने से रोका गया क्योंकि उन्हें पता था मैं दूसरा लालू यादव हूं
तेज प्रताप ने कहा,
''दुश्मन लोग सोचा कि हम अपनी पार्टी बना लिए और टीम बना लिए तो, अपने माता-पिता को भूल जाएंगे। मैंने अपने पोस्टर पर अब भी अपने माता-पिता का चेहरा लगाया हुआ है। उन्हें हटाया नहीं है। लेकिन अब राजद में बहुत सारा ऐसा लोग भी है, वो मेन नेता (लालू यादव) का ही फोटो पोस्टर, होर्डिंग और बैनर पर नहीं लगाता है, जिसने पार्टी को संघर्ष करके कहां से कहां पहुंचाया, उसको भूला जा रहा है। अपना चेहरा चिपकाता है। क्यों हमको रोका गया...सालों-साल रोका गया...बंधक बनाकर रखा गया...आपके बीच में आने से हमको रोका गया क्यों? क्योंकि वो जानता है कि दूसरा लालू यादव पैदा हो गया है।''
'पार्टी में सिर्फ मां-बाप ने दिया सम्मान, बाकी सबने दिखावा किया'
तेज प्रताप यादव ने पहली बार खुलकर राजद में अपने अपमान का दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि जब वह राजद में थे, तब उन्हें इज्जत सिर्फ अपने माता-पिता से मिलती थी, लेकिन पार्टी के बाकी नेताओं का व्यवहार सिर्फ दिखावे का था। उन्होंने साफ कहा, "कुछ लोग मुझे 'दूसरा लालू' मानने लगे थे, और इसी जलन के चलते मुझे पार्टी से बाहर करवा दिया गया।"
'राजद में आम कार्यकर्ता नहीं, अब खास लोग भी अपमानित हो रहे हैं'
तेज प्रताप ने भावुक अंदाज में कहा कि वह अपने माता-पिता का हमेशा सम्मान करते रहेंगे, लेकिन पार्टी में कुछ नेता उन्हें लगातार नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, "राजद अब उस पार्टी की छाया भी नहीं रही, जिसे मेरे पिता ने खून-पसीने से खड़ा किया था। वहां आम कार्यकर्ताओं की तो बात ही छोड़िए, खास लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।"
तेजस्वी और भाजपा की मिलीभगत का आरोप
तेज प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि उनके राजद से निष्कासन के पीछे कुछ 'भाजपाई ताकतों' की साजिश है। उन्होंने कहा कि इन ताकतों ने लालू यादव को भ्रमित कर दिया, जिससे उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने यह आरोप मंच से सार्वजनिक रूप से लगाते हुए कहा कि "अब समय आ गया है कि सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।"
तेज प्रताप ने कहा- "बिहार की राजनीति को देंगे नई दिशा"
तेज प्रताप यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अब जनता खुद उनके साथ खड़ी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि राजद से मोहभंग होकर लोग उनकी नई टीम से जुड़ रहे हैं। इस जनसंवाद को उन्होंने एक नई राजनीतिक शुरुआत बताते हुए कहा, "अब बिहार को युवाओं का बिहार बनाएंगे।"
तेज प्रताप का ऐलान- "अब और अपमान नहीं सहूंगा"
इस कार्यक्रम में कई राजद कार्यकर्ताओं ने 'टीम तेजप्रताप' की सदस्यता ली। मौके पर विकास यादव को टीम तेजप्रताप का जिला अध्यक्ष और आकाश यादव को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इससे तेजप्रताप के संगठनात्मक विस्तार को बल मिला।
अपने भाषण के अंत में तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट रूप से कहा, "अब मैं अपमान सहने वालों में से नहीं हूं। जनता की ताकत से नई राजनीति की शुरुआत कर रहा हूं। मुझे अब कोई नहीं रोक सकता।"












Click it and Unblock the Notifications